द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा के गांधी मैदान के समीप स्थित प्रभात इन होटल में बुधवार रात एक 21 वर्षीय युवक की लाश मिली। युवक ने होटल के कमरे में जींस पैंट और सीलिंग फैन के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक की पहचान गुजरात के पंचमहल जिले के रिंचिया गांव निवासी मेघवाल धर्मेश कुमार के रूप में हुई है।
जामताड़ा एसडीपीओ विकास आनंद लागोरी ने बताया कि मेघवाल धर्मेश कुमार ने बुधवार दोपहर करीब 2 बजे प्रभात इन होटल के कमरा नंबर 104 बुक कराया था। शाम करीब 6 बजे, यानी 4 घंटे बाद, उसका शव कमरे में फांसी से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही जामताड़ा एसडीपीओ विकास आनंद लागोरी और जामताड़ा थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई है और आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
एसडीपीओ विकास आनंद लागोरी ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, जिसमें आत्महत्या के कारणों का पता लगाना और होटल प्रबंधन से पूछताछ करना शामिल है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट और टेक्निकल टीम भी जांच में जुटी हुई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया।
