जमशेदपुर
Jamshedpur News: जमशेदपुर में जितिया पर्व की खुशियां शनिवार की शाम उस वक्त चीख-पुकार में बदल गयीं, जब मानगो स्थित स्वर्णरेखा नदी के गांधी घाट के पास स्नान करने गयीं दो सगी बहनें गहरे पानी में चली गयीं। दोनों को डूबता देख मां ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल नदी में उतरकर बचाव अभियान (rescue operation) शुरू किया। स्थानीय लोगों और गोताखोरों (divers) की मदद से एक बच्ची को नदी से बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरी बच्ची तेज बहाव (strong current) में लापता हो गयी। लापता बच्ची की पहचान पूनम के रूप में हुई है। वहीं नदी से बाहर निकाली गयी बच्ची का नाम आयुषी बताया गया है। दोनों समता नगर निवासी संतोष ठाकुर की बेटियां हैं। आयुषी को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज (treatment) चल रहा है।

आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे
बताया गया कि शनिवार शाम दोनों बहनें अपनी मां के साथ जितिया पर्व पर स्नान करने गांधी घाट के नीचे सुवर्णरेखा नदी में गयी थीं। स्नान के दौरान दोनों अचानक गहरे पानी में चली गयीं और डूबने लगीं। बेटियों को पानी में डूबता देख मां की चीख निकल गयी। उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों की तत्परता से एक बच्ची को नदी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन पूनम का कोई पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में लापता बच्ची की तलाश शुरू की गयी। शाम ढलने के साथ अंधेरा बढ़ने और नदी के तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में परेशानी आ रही थी। इसके बावजूद पुलिस, गोताखोर और स्थानीय लोग देर शाम तक पूनम की तलाश में जुटे रहे। हादसे के बाद संतोष ठाकुर के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
.jpeg)