logo

रांची स्टेशन के दक्षिणी छोर पर 10 अक्टूबर से 2 टिकट काउंटर की शुरुआत, ऑटोमैटिक टिकटिंग मशीन लगेगी

रांची स्टेशन के दक्षिणी छोर पर 10 अक्टूबर से 2 टिकट काउंटर की शुरुआत, ऑटोमैटिक टिकटिंग मशीन लगेगी

रांची: 
Ranchi News: त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची रेलवे स्टेशन (Ranchi Railway Station) के दक्षिणी छोर पर बनी नई स्टेशन बिल्डिंग (New Station Building) से 10 अक्टूबर से दो टिकट काउंटर (Ticket Counter) शुरू किए जाएंगे। यात्रियों को टिकट के लिए लंबी कतार से राहत देने के लिए यहां ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (Automatic Ticket Vending Machine) भी लगाई जाएगी। नई बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर  (Ground floor) को 10 अक्टूबर तक यात्रियों के इस्तेमाल के लिए तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

10 काउंटर की क्षमता वाला टिकटिंग एरिया तैयार
नई स्टेशन बिल्डिंग में एक तरफ 10 काउंटर की क्षमता वाला टिकटिंग एरिया तैयार किया गया है। फिलहाल यहां साफ-सफाई और अंतिम तैयारियों का काम चल रहा है। शुरुआत में दो टिकट काउंटर चालू किए जाएंगे। यात्रियों की संख्या और जरूरत के अनुसार बाद में काउंटरों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।

यात्रियों की सुविधा के लिए कई इंतजाम
नई बिल्डिंग में यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए चार स्वचालित सीढ़ियां लगाई गई हैं। इनमें दो सीढ़ियां यात्रियों के उतरने और दो चढ़ने के लिए होंगी। इसके अलावा लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रियों के सामान की जांच के लिए मशीनें भी लगाई जाएंगी।

पार्किंग का काम लगभग पूरा
दक्षिणी छोर पर नवनिर्मित स्टेशन परिसर में पार्किंग का करीब 99 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। हालांकि, टेंडर प्रक्रिया में समय लगने के कारण पार्किंग फिलहाल आधिकारिक रूप से शुरू नहीं होगी। तब तक यात्री अपनी जिम्मेदारी पर वाहन खड़े कर सकेंगे।

80 हजार से अधिक यात्रियों के पहुंचने का अनुमान
रेलवे के अनुमान के अनुसार, पिछले वर्ष पूजा के दौरान रांची स्टेशन पर प्रतिदिन करीब 72,500 यात्रियों की आवाजाही हुई थी। इस बार यह संख्या बढ़कर 80 हजार से अधिक होने की उम्मीद है। इसी को देखते हुए स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त तैयारियां की जा रही हैं।

जरूरत पड़ने पर प्लेटफॉर्म छह का होगा इस्तेमाल
डीआरएम करुणानिधि सिंह के अनुसार, यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यकता पड़ने पर नई बिल्डिंग से सटे प्लेटफॉर्म संख्या छह का इस्तेमाल किया जाएगा। फिलहाल इसे नियमित रूप से चालू करने की योजना नहीं है।

Tags - Ranchi Railway Station Ranchi News Indian Railways Festival Season Rush Ticket Counter