रांची
सीआईएसएफ की डिप्टी कमांडेंट और रांची की रहने वाली अर्चना रेशमा मिंज को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति ने पुलिस मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस से सम्मानित किया गया है। वर्तमान में वह अहमदाबाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
कोनका-सिरमटोली की रहने वाली हैं अर्चना
अर्चना रेशमा मिंज मूल रूप से रांची के कोनका, सिरमटोली की रहने वाली हैं। उन्होंने वर्ष 2002 में एसएससी सीजीएल-1999 के माध्यम से सीआईएसएफ में सब-इंस्पेक्टर के पद पर अपने करियर की शुरुआत की थी। हैदराबाद में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्होंने कमांडो ट्रेनिंग भी हासिल की।
देश के कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में निभाई जिम्मेदारी
सीआईएसएफ में सेवा के दौरान अर्चना रेशमा मिंज ने देश के कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था में अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट, बेंगलुरु एयरपोर्ट, आरटीसी बरवाहा और बोकारो स्टील प्लांट सहित विभिन्न स्थानों पर सेवाएं दी हैं।
अहमदाबाद विमान हादसे में साहसिक नेतृत्व
उनके सेवा जीवन का सबसे उल्लेखनीय अध्याय 12 जून 2025 को हुए अहमदाबाद एयर इंडिया AI-171 विमान हादसे से जुड़ा है। हादसे के करीब 20 मिनट के भीतर अर्चना रेशमा मिंज घटनास्थल पर पहुंच गई थीं। आग, धुएं और मलबे के बीच उन्होंने राहत एवं बचाव अभियान का नेतृत्व किया।.jpeg)
मलबे में फंसे डॉक्टर की बचाई जान
अर्चना के त्वरित निर्णय, साहस और नेतृत्व क्षमता ने राहत एवं बचाव अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी टीम की कार्रवाई से कई लोगों को बचाने में मदद मिली। इसी दौरान मलबे में फंसे एक डॉक्टर की जान बचाने में भी उनकी अहम भूमिका रही। उनके इसी साहसिक और सराहनीय कार्य को देखते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस से सम्मानित किया गया है।