logo

रातू रोड फ्लाइओवर के उद्घाटन समारोह में बोले रघुवर दास, परियोजना झारखंड के लिए वरदान

raghubar5.jpg

द फॉलोअप डेस्क
आज रांची के रातू रोड फ्लाइओवर उद्घाटन समारोह के दौरान कई केन्द्रीय और राज्य मंत्री उपस्थित रहे। जहां नितिन गडकरी इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान रघुवर दास ने भी लोगों को संबोधित किया। सम्बोधन के दौरान रघुवर दास ने अपने भाषण में भगवान बिरसा की पावन धरती के बारे में चर्चा की।  सड़क परियोजनाओं को लेकर अन्य राज्यों के विकास से तुलना करते हुए कहा-
"नीतिन गडकरी जी का भगवान बिरसा मुंडा जी की पावन भूमि पर स्वागत करता हूं। मानसून के बरसते बादलों के बीच आज वे झारखंड पर सौगातों की बारिश करने आये हैं। आज राज्य को 6300 करोड़ रुपये की 11 परियोजनाओं का उपहार मिल रहा है। ये सारी परियोजनाएं सड़क यातायात से जुड़ी हैं, जो झारखंड के लिए वरदान है। झारखंड में डबल इंजन सरकार के समय सड़क यातायात मजबूत करने के लिए जितनी परियोजनाएं पूर्ण हुई हैं, वे मिसाल हैं। एक समय था जब कहा जाता था कि यातायात के आधुनिक साधनों पर पहला अधिकार सिर्फ बड़े शहरों का ही है। मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद जैसे शहरों को सब कुछ मिले। लेकिन पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार में आदरणीय गडकरी जी ने सरकार की सोच बदली है, झारखंड इसका महत्वपूर्ण उदाहरण है। एक मशहूर कहावत है नौ दिन चले अढ़ाई कोस। एक समय था जब यह कहावत बहुत धीमी रफ्तार के साथ सुस्त कार्यशैली का पर्याय बन चुकी थी। लेकिन अब किसी प्रोजेक्ट का शिलान्यास ही नहीं, उसका उदघाटन भी होता है।"
उन्होंने आगे कहा "वर्ष 2014 से 19 के बीच डबल इंजन सरकार के समय ऐसे तो बहुत सारे कार्य हुए थे। इसमें गोविंदपुर-साहेबगंज पथ परियोजना का निर्माण संथाल परगना के लिए लाइफलाइन साबित हुआ। इस कार्यकाल में 964 किमी नेशनल हाइवे का और 92 पुलों का निर्माण हुआ, जिससे झारखंड के गांव तक मुख्यालय और राजधानी से जुड़ गये। रांची-टाटा राजमार्ग का निर्माण भी माननीय गडकरी जी के अथक प्रयासों से ही संभव हो पाया। ऐसे अनगिनत कार्य उस समय हुए थे। माननीय गडकरी जी ने कभी भी किसी प्रोजेक्ट के लिए मना नहीं किया। उनके पास प्रोजेक्ट ले जाते ही उसे मंजूरी देते थे। आज गढ़वा बाइपास और रांची में बनकर तैयार हुआ एलिवेटेड भी डबल इंजन सरकार के समय की ही परियोजना है"। 
अंत में उन्होंने कहा "आज इस कार्यक्रम में आप सबके साथ उपस्थिति के लिए आदरणीय गडकरी जी और विभाग का धन्यवाद। किसी भी राज्य और व्यापार के विकास के लिए आधारभूत संरचना महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। आईये, हम सब मिलकर राज्य की आधारभूत संरचना को मजबूत करने में योगदान दें, ताकि यातायात सुगम हो और राज्य में आर्थिक विकास के नये द्वार खुलें"।

Tags - jharkhand news jharkhand latest news jharkhand update jharkhand trending news raghubar das nitin gadkari ranchi update ranchi news ratu road flyover ratu road