बिहार:
Bihar News: बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने डीएम जी. कृष्णैया हत्याकांड में दोषी आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई को रद्द कर दिया है। साथ ही उन्हें एक महीने के भीतर संबंधित जेल में सरेंडर करने का आदेश दिया है। आनंद मोहन को साल 2023 में बिहार सरकार की ओर से जेल मैन्युअल में किए गए संशोधन के बाद समय से पहले रिहा किया गया था। उनकी रिहाई को जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
चार महीने पहले पूरी हुई थी सुनवाई
आनंद मोहन की रिहाई के खिलाफ दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में करीब चार महीने पहले सुनवाई पूरी हो गई थी। हालांकि, उस समय अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। गुरुवार को जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने इस मामले में फैसला सुनाते हुए आनंद मोहन की रिहाई को रद्द कर दिया। अदालत ने उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया है।
जेल मैन्युअल में संशोधन पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी
सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि बिहार सरकार ने साल 2023 में जेल मैन्युअल में संशोधन कर आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई का रास्ता साफ किया था। अदालत के मुताबिक, राज्य सरकार इस संशोधन के पीछे कोई वैध सार्वजनिक उद्देश्य बताने में सफल नहीं रही। कोर्ट ने इस बदलाव की मंशा पर भी सवाल उठाए और इसे संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 के उल्लंघन से जुड़ा मामला माना। इसी आधार पर अदालत ने आनंद मोहन की रिहाई को रद्द करने का फैसला सुनाया।
क्या है डीएम जी. कृष्णैया हत्याकांड?
यह मामला 5 दिसंबर 1994 का है। उस दिन गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में आनंद मोहन को दोषी ठहराया गया था। निचली अदालत ने उन्हें मृत्युदंड की सजा सुनाई थी, जिसे बाद में पटना हाईकोर्ट ने आजीवन कारावास में बदल दिया था। इसके बाद बिहार सरकार ने 24 अप्रैल 2023 को सजा में छूट (रिमिशन) देते हुए आनंद मोहन को जेल से रिहा कर दिया था।
उमा कृष्णैया की याचिका पर आया फैसला
आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई के खिलाफ दिवंगत डीएम जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। उन्होंने बिहार सरकार के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसके तहत जेल मैन्युअल में संशोधन कर आनंद मोहन को रिहाई दी गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन को सरेंडर करने का आदेश देने के साथ बिहार सरकार को उनकी रिहाई पर नए सिरे से विचार करने की अनुमति भी दी है। हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया है कि इस प्रक्रिया में जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया को भी अपना पक्ष रखने और सुनवाई का पूरा अवसर देना होगा।