रांची:
Jharkhand News: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने MMDR कानून और SIR को लेकर हेमंत सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुलाए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि संसद के दोनों सदनों से पारित, राष्ट्रपति के हस्ताक्षर और अधिसूचना के बाद लागू हो चुके कानून में राज्य की विधानसभा हस्तक्षेप नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि विधानसभा एक मंदिर है, उसे ओछी राजनीति का अड्डा नहीं बनना चाहिए।
MMDR कानून को लेकर सरकार पर लगाए आरोप
रघुवर दास ने आरोप लगाया कि सरकार MMDR कानून को इसलिए नहीं मान रही, क्योंकि इससे उसके संरक्षण में चल रहे अवैध कोयला और अवैध आयरन के कारोबार पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कानून पारित होने के बावजूद सरकार टैक्स के रूप में अलग से राशि वसूल रही है। इससे राज्य का कोयला और लौह अयस्क महंगा होगा, निवेश प्रभावित होगा, रोजगार के लिए पलायन बढ़ेगा और राज्य का राजस्व व विकास बाधित होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या MMDR कानून केवल झारखंड के लिए बना है? जिन राज्यों में खनन नहीं होता, क्या वहां जनकल्याणकारी योजनाएं नहीं चल रही हैं? रघुवर दास ने मुख्यमंत्री से जनता को गुमराह करना बंद करने की बात कही।
शराब नीति को लेकर भी सरकार पर निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री ने शराब नीति को लेकर भी राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि शराब और सूदखोरी के खिलाफ आंदोलन से जन्मी झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार ने शराब पर टैक्स घटा दिया और दुकानों को रात 11 बजे तक खोलने की छूट दे दी है। उनके अनुसार, शराब पर टैक्स बढ़ाकर राजस्व बढ़ाया जा सकता था, लेकिन सरकार नई पीढ़ी को बर्बाद करने पर आमादा है। रघुवर दास ने आरोप लगाया कि श्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही गठबंधन सरकार के लिए न तो संविधान की धाराओं का महत्व रह गया है और न ही दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन जी की विचारधारा का।
SIR को लेकर JMM-कांग्रेस पर उठाए सवाल
SIR की प्रक्रिया को लेकर JMM-कांग्रेस के सवालों पर भी रघुवर दास ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन दलों को बताना चाहिए कि एक ओर उनके प्रतिनिधि SIR की प्रक्रिया की तिथि बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इसका विरोध भी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडी गठबंधन के दल SIR के मुद्दे पर जनता को भ्रमित कर रहे हैं और अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को मतदाता सूची में बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी दाल नहीं गल रही है।
केंद्र के कानून और राज्य सरकार की भूमिका पर सवाल
रघुवर दास ने झारखंड के हालात का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि क्या झारखंड भारत के संघीय गणराज्य का हिस्सा नहीं है? उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में भारत सरकार द्वारा पारित कानून का कोई महत्व नहीं रह गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राहुल गांधी से इन सवालों का जवाब झारखंड और देश की जनता को देने की मांग की।