द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया स्टारर फिल्म ‘वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ रिलीज से पहले ही विवादों में आ गई है। फिल्म के ट्रेलर में सुनाई दे रहे ‘अयिगिरी नंदिनी’ ट्रैक को लेकर सिंगर सरगम वैष ने मेकर्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ट्रेलर में उनके ओरिजिनल गाने का इस्तेमाल उनकी जानकारी और अनुमति के बिना किया गया। सिंगर ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर फिल्म की टीम से ट्रैक हटाने की मांग की है।
.jpeg)
सिंगर ने सोशल मीडिया पर रखी अपनी बात
सरगम वैष ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि उन्होंने फिल्म ‘द वन’ का ऑफिशियल ट्रेलर देखा, जिसमें उन्हें अपना ओरिजिनल गाना सुनाई दिया। सिंगर के मुताबिक, उन्होंने फिल्म के ट्रेलर या प्रमोशन के लिए अपने म्यूजिक के इस्तेमाल की कोई अनुमति नहीं दी थी। उन्होंने यह भी बताया कि उनका यह काम पहले से एक बड़े म्यूजिक लेबल के साथ कॉन्ट्रैक्ट में है और बिना अनुमति इस्तेमाल होने से उनके मौजूदा समझौते पर असर पड़ सकता है। सिंगर ने फिल्म की संबंधित टीम से गाना हटाने और उनसे सीधे संपर्क करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर गाने के इस्तेमाल के लिए कोई वैध परमिशन या लाइसेंस मौजूद है, तो उसकी जानकारी उनके साथ साझा की जानी चाहिए। सरगम वैष ने यह भी संकेत दिया है कि अगर मामला नहीं सुलझता है और ट्रैक नहीं हटाया जाता, तो उनकी कानूनी टीम इस मामले को आगे बढ़ा सकती है।

क्या है ‘वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ की कहानी?
‘वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ में पहली बार सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की जोड़ी साथ नजर आएगी। फिल्म की कहानी घने और रहस्यमयी जंगलों की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें भारतीय लोककथाओं की झलक देखने को मिलेगी। फिल्म को ज्यादा वास्तविक बनाने के लिए इसकी शूटिंग असली जंगलों में की जा रही है। फिल्म का निर्देशन दीपक मिश्रा और अरुणाभ कुमार ने किया है। शोभा कपूर, एकता आर कपूर और अरुणाभ कुमार इसके निर्माता हैं। यह फिल्म बालाजी मोशन पिक्चर्स और द वायरल फीवर (TVF) के साथ मिलकर बनाई गई है। ‘वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
यह भी पढें: KBC 18 : वरुण ग्रोवर, गौरव कपूर और गौरव गुप्ता ने बिग बी संग की जमकर मस्ती, जीते ₹12.5 लाख