द फॉलोअप डेस्क:
छठी मईया की आस्था, बिहार की लोककथाओं से जुड़ा रहस्य और एक खौफनाक जंगल। जब ये सब बड़े पर्दे पर एक साथ देखने को मिले, तो दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ना लाजमी है। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन’ यानी ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म की कहानी एक ऐसे शहरी नौजवान की है, जो अपने पुश्तैनी गांव लौटता है और एक ऐसे जंगल में पहुंच जाता है, जहां जाना मना है। लेकिन इस जंगल से जुड़ा रहस्य उसकी जिंदगी बदल देता है। रिलीज के पहले दिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 8 करोड़ रुपये की नेट कमाई की।
.jpeg)
पहले दिन की कमाई से चर्चा में आई फिल्म
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें, तो Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन भारत में करीब 8 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं, फिल्म की ऑक्यूपेंसी 43 प्रतिशत रही और देशभर में इसके करीब 6,745 शोज हुए। इस कमाई के साथ फिल्म ने सनी देओल और प्रीति जिंटा की ‘बंटवारा 1947’ के 5.75 करोड़ रुपये के ओपनिंग डे कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया। हालांकि, ये शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़े हैं, जिनमें आगे बदलाव संभव है। ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा सुनील ग्रोवर, श्वेता तिवारी, अनुप सोनी, मनीष पॉल और मिलिंद गुनाजी भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। वहीं, इसे शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म बालाजी मोशन पिक्चर्स, टीवीएफ मोशन पिक्चर्स और 11:11 प्रोडक्शंस के सहयोग से बनी है।

क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी एक ऐसे शहरी नौजवान के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने पुश्तैनी गांव लौटता है। गांव के पास मौजूद एक रहस्यमयी जंगल में जाने की सख्त मनाही है, लेकिन वह इस चेतावनी को नजरअंदाज कर देता है। इसके बाद जंगल में छिपी एक दिव्य शक्ति जाग उठती है और शुरू होता है रहस्य, रोमांच और अलौकिक घटनाओं का सिलसिला। अब अपने गांव और लोगों को विनाश से बचाने के लिए उस नौजवान को खुद आगे आना पड़ता है। फिल्म में भारतीय लोककथाओं, आस्था और फैंटेसी का मेल देखने को मिलता है। फिलहाल, पहले दिन की कमाई के साथ ‘द वन’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी शुरुआत दर्ज करा दी है। अब फिल्म की आगे की कमाई पर सबकी नजर रहेगी।