द फॉलोअप डेस्क
छोटे पर्दे की मशहूर अदाकारा संचिता उगले को लेकर बुरी खबर आ रही है। बताया जा रहा है कि अभिनेत्री ने आत्महत्या कर ली है। 30 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। संचिता उगले की सुसाइड की खबर सामने आते ही मनोरंजन जगत में मातम पसर गया है। हर कोई ये जानकार हैरान है। ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर वह क्या वजह थी, जो कुमकुम भाग्य की दीया ने मौत को गले लगाया है। हालांकि, उनकी मौत के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही परिवार या करीबी सहयोगियों की ओर से कोई औपचारिक बयान जारी किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक 15 जून सुबह मुंबई के नालासोपारा स्थित घर में संचिता उगले ने आत्महत्या की है, उन्होंने पंखे पर लटक कर फांसी लगाई और अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शव कब्जे में लिया है। पुलिस को कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिसकी वजह से संचिता के अचानक से आत्महत्या करने का मामला और भी गंभीर होता हुआ नजर आ रहा है।

कलाकारों में शोक की लहर
संचिता उगले की अचानक मौत की खबर से उनके प्रशंसकों, दोस्तों और सह-कलाकारों में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। इस बीच अभिनेत्री की एक हालिया इंस्टाग्राम पोस्ट भी चर्चा का विषय बनी हुई है, जिसे उन्होंने मौत की खबरें सामने आने से कुछ समय पहले साझा किया था। अपने अंतिम इंस्टाग्राम अपडेट में संचिता एक लिप-सिंक रील में खुश और सामान्य नजर आ रही थीं। उन्होंने पोस्ट के साथ "Another Banger" कैप्शन लिखा था। इस पोस्ट के बाद सामने आई खबरों ने उनके प्रशंसकों को हैरान कर दिया है, क्योंकि सोशल मीडिया पर उनके व्यवहार से किसी तरह की परेशानी का संकेत नहीं मिल रहा था।

कई शो में कर चुकी हैं अभिनय
संचिता उगले टीवी जगत में अपने अभिनय के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने डंगल टीवी के लोकप्रिय शो 'दिलवाली दुल्हा ले जाएगी' में अभिनेता सोराब बेदी के साथ मुख्य भूमिका निभाई थी। इसके अलावा वह 'वागले की दुनिया' जैसे चर्चित धारावाहिकों में भी नजर आई थीं। टीवी के साथ-साथ उन्होंने विक्की कौशल अभिनीत फिल्म 'छावा' और मनोज बाजपेयी की फिल्म 'साइलेंस 2: द नाइट आउल बार शूटआउट' में भी काम किया था। फिलहाल उनकी मौत को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।