द फॉलोअप डेस्क:
रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ अपने दूसरे सीजन के साथ वापसी करने जा रहा है। इस बार शो में टीवी और बॉलीवुड के कलाकारों के साथ राजनीति, सोशल मीडिया और भोजपुरी इंडस्ट्री से जुड़े चेहरे भी नजर आएंगे। शो के दूसरे सीजन की सबसे बड़ी खासियत इसका नया होस्ट है। पहले सीजन को होस्ट करने वाले अशनीर ग्रोवर की जगह अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग शो की कमान संभालेंगे। ‘राइज एंड फॉल’ सीजन 2 का प्रीमियर 26 सितंबर 2026 को होगा। शो के एपिसोड रोजाना दोपहर 12 बजे स्ट्रीम किए जाएंगे। मौजूदा रिपोर्ट्स के मुताबिक, शो Prime Video और MX Player पर उपलब्ध होगा। इस सीजन में कुल 15 कंटेस्टेंट्स हिस्सा ले रहे हैं। शो का फॉर्मेट पावर और रणनीति के इर्द-गिर्द तैयार किया गया है। कंटेस्टेंट्स को ‘रूलर्स’ और ‘वर्कर्स’ नाम के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। रूलर्स को पेंटहाउस में रहने और अहम फैसलों में भूमिका निभाने का मौका मिलेगा, जबकि वर्कर्स को बेसमेंट में रहकर टास्क पूरे करने होंगे। गेम के दौरान पावर और खिलाड़ियों की स्थिति बदल भी सकती है।
.jpeg)
बिहार से तेज प्रताप यादव और मनीष कश्यप की एंट्री
इस सीजन में बिहार से जुड़े दो चर्चित नाम भी शामिल हैं। पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव और डिजिटल क्रिएटर मनीष कश्यप शो का हिस्सा होंगे। इनके अलावा भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी भी प्रतियोगियों की सूची में शामिल हैं। इस वजह से शो में भोजपुरी और बिहार से जुड़े दर्शकों की दिलचस्पी भी बढ़ी है। तेज प्रताप यादव की एंट्री के साथ शो में राजनीति से जुड़ा एक प्रमुख चेहरा भी नजर आएगा। वहीं मनीष कश्यप डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया की दुनिया से शो में पहुंचे हैं।

ये हैं ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ के 15 कंटेस्टेंट्स
मौजूदा रिपोर्ट्स के अनुसार, सीजन 2 में शामिल 15 नाम हैं—
1. तेज प्रताप यादव
2. मनीष कश्यप
3. काजल राघवानी
4. करण पटेल
5. स्वरा भास्कर
6. प्रियंका चाहर चौधरी
7. गौतम गुलाटी
8. शहजाद पूनावाला
9. सारा गुरपाल
10. सिवेट तोमर
11. निहारिका तिवारी
12. राज ग्रोवर
13. काइरा अनु
14. इरिना रुदाकोवा
15. अनीश भगत
इन नामों में टीवी अभिनेता करण पटेल, अभिनेत्री स्वरा भास्कर, प्रियंका चाहर चौधरी, गौतम गुलाटी, पंजाबी सिंगर-अभिनेत्री सारा गुरपाल और राजनीतिक टिप्पणीकार शहजाद पूनावाला जैसे चेहरे भी शामिल हैं।
.jpeg)
पावर के साथ रणनीति भी होगी जरूरी
‘राइज एंड फॉल’ का गेम सिर्फ टास्क पूरा करने तक सीमित नहीं रहेगा। रूलर्स और वर्कर्स के बीच पावर का संतुलन गेम का अहम हिस्सा होगा। कंटेस्टेंट्स को अपनी स्थिति बनाए रखने के लिए रणनीति, गठबंधन और बदलते समीकरणों के बीच फैसले लेने होंगे। दर्शकों की भूमिका भी इस सीजन में महत्वपूर्ण रहने वाली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दर्शक अपने पसंदीदा कंटेस्टेंट्स के पक्ष में वोट कर सकेंगे और इससे उनके गेम में मिलने वाली सुविधाओं और स्थिति पर असर पड़ सकता है। ऐसे में नए होस्ट वीरेंद्र सहवाग के साथ 15 कंटेस्टेंट्स का यह पावर गेम 26 सितंबर से शुरू होगा। अब देखने वाली बात होगी कि पेंटहाउस की पावर किसके पास रहती है और कौन वर्कर्स के बीच से अपनी स्थिति बदलकर आगे बढ़ता है।