logo

Nana Patekar Death : माधुरी दीक्षित संग शूट करने वाले थे नाना पाटेकर, मुलाकात से पहले हुई मृत्यु; अब ये एक्ट्रेस लेंगी जगह

माधुरी दीक्षित संग शूट करने वाले थे नाना पाटेकर, मुलाकात से पहले हुई मृत्यु; अब ये एक्ट्रेस लेंगी जगह

द फॉलोअप डेस्क:

Nana Patekar Death: हिंदी और मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर (Nana Patekar) के अचानक निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। 8 अक्टूबर 2026 को 75 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन (Nana Patekar Death) से न सिर्फ परिवार और प्रशंसक, बल्कि फिल्म जगत के कई कलाकार भी दुखी हैं। इस बीच, नाना पाटेकर से जुड़ी एक खबर सामने आई है। उन्हें 9 अक्टूबर को मराठी क्विज शो 'कोण होणार करोड़पति' (KHC) के प्रीमियर एपिसोड की शूटिंग करनी थी, जहां उनकी मुलाकात अभिनेत्री माधुरी दीक्षित से होने वाली थी। हालांकि, उनके निधन के बाद शो की योजना बदल गई है। अब इस खास एपिसोड में नाना पाटेकर की जगह अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे नजर आएंगी।

माधुरी दीक्षित के साथ नजर आने वाले थे नाना पाटेकर

सोनी मराठी के शो 'कोण होणार करोड़पति' के नए सीजन का प्रीमियर 12 अक्टूबर को प्रसारित होगा। इस सीजन में माधुरी दीक्षित होस्ट की भूमिका निभा रही हैं। प्रीमियर एपिसोड में सोनाली बेंद्रे की मौजूदगी खास होने वाली है। दोनों अभिनेत्रियां पहली बार इस शो में एक साथ स्क्रीन साझा करेंगी। पहले इस एपिसोड में नाना पाटेकर को शामिल करने की योजना थी। उनके और माधुरी दीक्षित के एक साथ आने से दर्शकों को पुराने दिनों की यादें और फिल्मी किस्से सुनने का मौका मिल सकता था। लेकिन अभिनेता के अचानक निधन के कारण यह मुलाकात नहीं हो सकी।

माधुरी दीक्षित ने नाना पाटेकर को दी श्रद्धांजलि

नाना पाटेकर के निधन से माधुरी दीक्षित भी दुखी हैं। दोनों कलाकारों ने फिल्म 'वजूद' में साथ काम किया था। नाना पाटेकर अपनी दमदार अदाकारी, प्रभावशाली संवाद अदायगी और अलग अंदाज के लिए जाने जाते थे। उनके निधन के बाद फिल्म जगत से जुड़े लोग उन्हें याद कर रहे हैं और उनके योगदान को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। माधुरी दीक्षित ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके अभिनय और व्यक्तित्व को याद किया। उनके जाने से हिंदी और मराठी सिनेमा ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया, जिनकी पहचान उनकी अलग शैली और यादगार भूमिकाओं से बनी।

पिता को अंतिम विदाई देते हुए भावुक हुए बेटे मल्हार

नाना पाटेकर का 8 अक्टूबर को महाराष्ट्र के पुणे के पास डोंजे स्थित उनके फार्महाउस में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे मल्हार पाटेकर ने अंतिम संस्कार की रस्में निभाईं। अभिनेता के निधन से परिवार, प्रशंसकों और फिल्म जगत में शोक का माहौल है। मल्हार ने अपने पिता को याद करते हुए उनके विचारों और जीवन मूल्यों को आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि नाना साहेब के काम और उनके विचार हमेशा लोगों के बीच जीवित रहेंगे। उनके अनुसार, पिता ने जो दृष्टिकोण और सीख छोड़ी है, उसी के आधार पर परिवार आगे बढ़ेगा।

'गमन' से 'हाउसफुल 5' तक, यादगार रहा नाना पाटेकर का सफर

नाना पाटेकर ने 1978 में फिल्म 'गमन' से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। करीब पांच दशक लंबे करियर में उन्होंने कई ऐसी भूमिकाएं निभाईं, जिन्होंने दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी। 'परिंदा', 'प्रहार', 'क्रांतिवीर', 'तिरंगा', 'खामोशी: द म्यूजिकल' और 'अब तक छप्पन' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को खूब सराहा गया। नाना पाटेकर सिर्फ व्यावसायिक फिल्मों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि गंभीर और चुनौतीपूर्ण किरदारों में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा साबित की। उनकी दमदार आवाज, संवाद बोलने का अनोखा अंदाज और किरदारों में जान डालने की क्षमता उन्हें दूसरे कलाकारों से अलग बनाती थी। 75 साल की उम्र में भी वह फिल्मों में सक्रिय थे। साल 2025 में रिलीज हुई अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और अभिषेक बच्चन अभिनीत फिल्म 'हाउसफुल 5' में भी वह नजर आए। साल 2026 में रिलीज हुई फिल्म 'ओ रोमियो' में भी उन्होंने अभिनय किया। नाना पाटेकर का जाना भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है। पर्दे पर निभाए गए उनके किरदार, उनकी संवाद अदायगी और अभिनय की विशिष्ट शैली लंबे समय तक दर्शकों की यादों में बनी रहेगी।
 

Tags - Entertainment Latest News Nana Patekar Death Nana Patekar Death News Nana Patekar Latest News