द फॉलोअप डेस्क:
पहले भोजपुरी सितारों को हिंदी एंटरटेनमेंट की चमक-दमक से दूर माना जाता था, लेकिन अब तस्वीर तेजी से बदल रही है। पवन सिंह, रवि किशन, मनोज तिवारी और दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' जैसे कलाकारों ने भोजपुरी इंडस्ट्री की लोकप्रियता को हिंदी टीवी और बड़े रियलिटी शोज तक पहुंचाया है। पवन सिंह 'राइज एंड फॉल' से लेकर 'बिग बॉस' के फिनाले में सलमान खान के साथ स्टेज शेयर कर चुके हैं, जबकि रवि किशन 'झलक दिखला जा' समेत कई हिंदी रियलिटी शोज का हिस्सा रहे हैं। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स ने भी भोजपुरी कलाकारों और उनके कंटेंट की पहुंच को बिहार-झारखंड और पूर्वांचल से बाहर तक बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई है।
.jpeg)
'राइज एंड फॉल 2' में तेज प्रताप और काजल की एंट्री
अब 26 सितंबर से शुरू होने वाले 'राइज एंड फॉल सीजन 2' में बिहार के चर्चित नेता तेज प्रताप यादव और भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी की एंट्री ने एक बार फिर भोजपुरी कनेक्शन को चर्चा में ला दिया है। 15 कंटेस्टेंट्स वाले इस शो में तेज प्रताप अपने बेबाक अंदाज के साथ नजर आएंगे, वहीं काजल राघवानी भोजपुरी सिनेमा से जुड़ा अपना अनुभव और लोकप्रियता लेकर शो का हिस्सा बनेंगी। शो में 'रूलर्स' के पेंटहाउस से लेकर 'वर्कर्स' के बेसमेंट तक कंटेस्टेंट्स के बीच रणनीति, टकराव और गेम देखने को मिलेगा। ऐसे में दोनों की मौजूदगी शो के एंटरटेनमेंट और चर्चा को बढ़ाने वाला पहलू बन सकती है।

'बिग बॉस 20' में आम्रपाली दुबे का दबदबा
वहीं 'बिग बॉस 20' में आम्रपाली दुबे की मौजूदगी भी भोजपुरी सितारों की बढ़ती पकड़ को दिखाती है। शो में उन्होंने टीवी कलाकारों को मिलने वाले कथित स्पेशल ट्रीटमेंट पर सवाल उठाए हैं, जिसके बाद उनकी बेबाकी चर्चा में है। मनोज तिवारी और रवि किशन से शुरू हुआ भोजपुरी सितारों का हिंदी एंटरटेनमेंट तक पहुंचने का सफर अब पवन सिंह, आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी जैसे कलाकारों तक पहुंच चुका है। इससे साफ तौर पर यह बदलाव दिखता है कि भोजपुरी कलाकारों की पहचान अब सिर्फ रीजनल सिनेमा तक सीमित नहीं रह गई है और हिंदी एंटरटेनमेंट के बड़े मंचों पर भी उन्हें जगह मिल रही है।