सुपौल/बिहार
सुपौल में बुधवार को सड़क हादसे में एक वृद्ध महिला की जान चली गई। पशुओं के लिए घास लेकर आ रही थी इसी दौरान सड़क पार करने के क्रम में एक तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मारी, जिससे मौके पर ही महिला की मौत हो गई। घटना जिले के नदी थाना क्षेत्र के ईटहरी चौक स्थित महादलित टोला के समीप निर्मली-मरौना मुख्य मार्ग का है।

घास लेकर आ रही थी महिला
मृतका की पहचान 65 वर्षीय सांझा देवी के रुप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला सुबह-सुबह अपने घर में रखे पशुओं के लिए घास लेकर आ रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसके कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटने लगी। घटना के बाद बाइक सवार घटनास्थल से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के बाद आरोपी की छानबीन में जुटी हुई है।