बेगूसराय/बिहार
बेगूसराय में मंगलवार की रात एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना बछवाड़ा थाना इलाके के गोविंदपुर तीन पंचायत के वार्ड संख्या 5 मुरली टोल गांव का है। खबर फैलते ही मृतका के घर पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना मिलते ही जांच में जुटी पुलीस।

मायके वालों का आरोप
मृतका की पहचान राहुल दास की पत्नी रीना देवी के रुप में हुई है। घटना के बाद मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया और कहा कि रीना सोशल मीडिया पर रील बनाकर पोस्ट करती थी। इसी बात को लेकर ससुराल वाले हमेशा उसे झगड़ते रहते थे। मृतका की भाभी का कहना है कि उस पर दहेज में बुलेट मांगने के लिए हमेशा प्रताड़ित किया जाता है। वहीं मृतका की सास फूलों देवी ने बताया कि मेरे पति और मेरा पुत्र मजदूरी करते हैं। घटना के समय हम घर पर नहीं थे बाहर सब्जी बेचने गए थे। जब शाम को मेरे पति और मेरा बेटा वापस लौटे तो देखा घर में अंधेरा है और कोई नजर नहीं आ रहा है।

अपने पीछे एक 4 साल का बेटा छोड़ गई मृतका
इसके बाद मेरा बेटा अपने कमरे में गया तो देखा कि उसकी पत्नी फंदे में लटकी हुई। देखते ही उसने तुरंत घर में सबको बताया। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका अपने पीछे एक 4 साल का बेटा छोड़ गई है। 6 साल पहले उसकी शादी राहुल दास के साथ हुई थी। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को देखते हुए छानबीन कर रही है।