द फॉलोअप डेस्क
बिहार के पश्चिम चंपारण से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां बगहा में वाल्मीकि टाइगर रिजर्व यानी VTR के वन कर्मियों पर महिलाओं के साथ मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों की जानकारी होने के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। इसी आक्रोश में नाराज लोग मंगलवार को सड़क पर उतर आए और VTR के वन कर्मियों की तानाशाही का विरोध करने लगे। इस विरोध में लोगों ने बिहार-यूपी को जोड़ने वाले नेशनल हाइवे- 727 को जाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीण गोरखपुर-बेतिया मुख्य सड़क पर हंगामा कर रहे हैं।ग्रामीणों ने की अधिकारियों को बुलाने की मांग
मिली जानकारी के अनुसार, वन कर्मियों पर आरोप है कि इन्होंने जंगल में लकड़ी चुनने गई महिलाओं के साथ मारपीट और बदसलूकी की है। इसी कारण नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि आक्रोशित लोगों ने मदनपुर रेंज का घेराव किया है। उनकी मांग है कि बगहा SP और SDM को बुलाया जाए। इस दौरान लोगों के हंगामे को देखते हुए नौरंगिया थानाध्यक्ष दल-बल के साथ पहुंचे। बताया गया कि यहां महादलित बस्ती में रहने वाले लोग काफी पहले से जंगलों में लकड़ी चुनने का काम करते आए हैं। लेकिन उनका आरोप है कि मदनपुर वन विभाग की टीम में शामिल महिला आरक्षी और कुछ वन कर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की।
लोगों का आरोप है कि वन कर्मियों ने उन्हें बेरहमी से पीटा है। इसके साथ ही लोगों ने शरीर पर जख्म के निशान होने का बात भी कही है। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया है कि बच्चों को भी पीटा गया है। इस कारण सैकड़ों नाराज लोगों ने मदनपुर रेंज का घेराव किया।