द फॉलोअप डेस्क:
पटना के मशहूर खान सर के खिलाफ एक लड़की ने जान का खतरा बताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। लड़की का दावा है कि वो खान सर की गुप्त बातें जानती है और इस वजह से उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। एफआईआर की कॉपी सोशल मीडिया पर वायरल है। लड़की ने बताया कि वह मूलरूप से यूपी की रहने वाली है और इस समय पटना में गांधी चौक के पास रहती है। युवती का कहना है कि वह अगस्त 2016 में पटना में खान सर की कोचिंग में पढ़ने आई थी।

खान सर की गुप्त जानकारी होने का दावा
लड़की ने दावा किया है कि उसके पास खान सर उर्फ फैजल खान के बारे में बहुत सारी गुप्त जानकारी है और यह बात खान सर भी जानते हैं। लड़की का आरोप है कि खान सर ने उसे कथित तौर पर दिसंबर 2017 से ही परेशान करना शुरू कर दिया था। लड़की का यह भी आरोप है कि खान सर ने उसे गुप्त जानकारी सार्वजनिक करने पर जान से मरवाने की धमकी दी है। युवती ने आरोपों की सच्चाई की जांच करने और खान सर के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की है।

पटना में खान ग्लोबल कोचिंग का संचालन
गौरतलब है कि खान सर के नाम से मशहूर फैजल खान नाम के शिक्षक पटना में खान ग्लोबल कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी का संचालन करते हैं। वह कोरोना लॉकडाउन के दौरान यूट्यूब पर पढ़ाकर मशहूर हुए थे। पिछले दिनों कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग और रौशन सर के साथ प्रतिद्वंदिता को लेकर भी खान सर काफी चर्चा में रहे। तब प्रशासन ने उनके कोचिंग और लाइब्रेरी समेत अन्य प्रतिष्ठानों की तलाशी ली थी।