पटना
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के बीच सोमवार सुबह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सोनपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे। सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बिहार में सुख-शांति, समृद्धि और सभी लोगों के मंगल की कामना की।
सावन की पहली सोमवारी के पावन अवसर पर सोनपुर के विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक कर बाबा हरिहरनाथ जी से राज्य में सुख-शांति, समृद्धि-सौहार्द, प्रगति और सभी के मंगलमय जीवन की कामना की।
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) August 3, 2026
मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर… pic.twitter.com/m5iNdMBsxJ
सोशल मीडिया पर साझा की पूजा की तस्वीरें
मंदिर में पूजा के बाद तेजस्वी यादव ने अपने आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट पर तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा कि सावन की पहली सोमवारी के शुभ अवसर पर बाबा हरिहरनाथ के चरणों में राज्य की खुशहाली, सामाजिक सौहार्द और विकास के लिए प्रार्थना की। उन्होंने मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात भी की तथा सभी शिवभक्तों और कांवरियों से सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण यात्रा की अपील करते हुए भगवान शिव का आशीर्वाद सभी पर बना रहने की कामना की।
आज आ रहा है बांकीपुर उपचुनाव का फैसला
बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को हुए उपचुनाव के लिए आज मतगणना हो रही है। इस सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है, जहां बीजेपी के नीरज कुमार, जन सुराज के प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल की रेखा गुप्ता के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।
चुनाव प्रचार में राजद ने जताया था जीत का भरोसा
मतदान से पहले राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता ने अपनी जीत का भरोसा जताते हुए कहा था कि मुकाबला एकतरफा रहेगा। वहीं चुनाव प्रचार के दौरान तेजस्वी यादव ने भी दावा किया था कि बांकीपुर की जनता बदलाव के पक्ष में है और इस बार राजद मजबूत स्थिति में चुनाव जीतने जा रहा है।