logo

दंगा फैलाने के आरोप में तेज प्रताप आधी रात को भेजे गए बेऊर जेल, कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा 

beur.jpg

Tej Pratap Yadav :
राजद सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के सुप्रीमो तेज प्रताप यादव शनिवार देर रात करीब सवा 12 बजे बेऊर जेल ले जाया गया है। कल बिहार बंद के दौरान आंदोलनरत छात्रों को अपना समर्थन देने पहुंचे थे। इस दौरान उन पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उनको हिरासत में लिया था। दंगा फैलाने के आरोप में गिरफ्तार कर देर रात तेज प्रताप को नौबतपुर थाने से छज्जू बाग स्थित ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेजा गया। कोर्ट के आदेश के बाद 14 दिनों तक बेऊर जेल में रहेंगे। बिहार बंद हिंसा मामले में अब तक 423 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

कई छात्रों समेत पुलिसकर्मी भी घायल
शनिवार को बिहार बंद के दौरान तेज प्रताप यादव गांधी मैदान, कोतवाली और गांधी मैदान थाना क्षेत्र में छात्र संगठनों के प्रदर्शन में सक्रिय रहे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प,पथराव और लाठीचार्ज हुआ। इसमें छात्रों समेत थानाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा, टीओपी प्रभारी प्रमोद कुमार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने तेज प्रताप यादव को गांधी मैदान इलाके से हिरासत में लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह छात्रों के साथ हैं और उनके हक के लिए मर-मिटने को तैयार हैं। हालांकि, कुछ देर बाद वह थाने से बाहर आ गए।

सेंटर मॉल से उन्हें दोबारा हिरासत में लिया
बाद में पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर पटना के सिटी सेंटर मॉल से उन्हें दोबारा हिरासत में लिया और नौबतपुर थाना ले जाकर पूछताछ की। मेडिकल जांच के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया गया। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि तेज प्रताप यादव को दंगा फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वहीं, बिहार पुलिस मुख्यालय के अनुसार बिहार बंद हिंसा मामले में अब तक 423 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी की पहचान की जा रही है। दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Tej Pratap Yadav ArrestBeur Jail14 Days Judicial Custody