logo

श्यामनंदन यादव होंगे तिरहुत से जन सुराज के उम्मीदवार, शिक्षक समुदाय से जुड़े मुद्दों पर रहेगा फोकस

श्यामनंदन यादव होंगे तिरहुत से जन सुराज के उम्मीदवार, शिक्षक समुदाय से जुड़े मुद्दों पर रहेगा फोकस

पटना
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के उम्मीदवार श्यामनंदन यादव होंगे। जन सुराज पार्टी कार्यालय में शनिवार को प्रेस वार्ता कर ये घोषणा की गई। इस दौरान मनोज भारती ने श्यामनंदन यादव का स्वागत कर माल्यार्पण किया। वहीं, इनके नाम का ऐलान किया गया। मनोज भारती ने कहा कि हमने ट्विटर मैसेज जारी कर तीन प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया था। हमारे साथियों ने कहा कि श्यामनंदन कुमार यादव को प्रत्याशी बनाना चाहिए। इनके छोटे भाई प्रमोद यादव को मरणोपरांत वीरता मेडल दिया गया था। कारगिल युद्ध में वे शहीद हुए थे। वे कई संस्थानों से जुड़े हैं, प्राचार्य हैं। जन सुराज इन्हें बतौर प्रत्याशी अभिनंदन करता है। इस दौरान श्यामनंदन कुमार यादव ने कहा कि मैं प्रशांत किशोर, प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के तमाम लोगों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। पार्टी ने मुझमें जो विश्वास जताया है, मैं उस उम्मीद से कदम से कदम बढ़ाकर चलूं। हम चार भाइयों में तीन भारतीय सेना में रहे, एक भाई कारगिल युद्ध में शहीद भी हुए। उस परिवार से मैं आता हूं।


कोई भी पार्टी जन सुराज की तरह जनतांत्रिक नहीं 
पार्टी के वरिष्ठ नेता रामबली चंद्रवंशी ने कहा कि पार्टी जैसी सोच है, उसी के अनुरूप काम कर रही है। कोई भी पार्टी जन सुराज की तरह जनतांत्रिक तरीके से उम्मीदवार का चयन नहीं करती। सही व्यक्ति, सही सोच, सामूहिक प्रयास की तरह काम करती है। जब तक गुंजाइश है बेहतर प्रत्याशी देने की, तब तक पार्टी तब्दीली करेगी। जो बातें भूषण झा ने मुजफ्फरपुर की मीटिंग में शिक्षकों का अपमान करते हुए कही, वो हमारे लिए स्वीकार नहीं था। आज हमारे बीच प्रो. श्यामनंदन को उम्मीदवार बनाया है। तिरहुत के लोगों की भावना को देखते हुए उम्मीदवार बनाया है। जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ ने कहा कि भूषण जी स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ना चाहते थे। उन्होंने मुजफ्फरपुर की बैठक में कहा कि मुझे अपनी बात नहीं रखने दी गई। उन्होंने उसी बैठक में शिक्षकों को लेकर विवादास्पद बात कही, “शिक्षकों का क्या है, उन्हें अपना पेट भरने से मतलब है।” कोई भी व्यक्ति स्नातक-शिक्षकों को लेकर अस्वीकार्य टिप्पणी करेंगे, तो वो स्वीकार्य नहीं होगा। मौके पर तिरहुत क्षेत्रीय प्रभारी के नवल जी, इंद्रभूषण सिंह अशोक, राजकिशो, कुमार सौरव सहित अन्य मौजूद थे।

श्यामानंद कुमार यादव का परिचय
भारतीय सेना में 15 वर्षों तक सेवा देने वाले श्यामानंद कुमार यादव 25 वर्षों से सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनके छोटे भाई शहीद प्रमोद यादव कारगिल युद्ध में शहीद हुए थे, जिन्हें मरणोपरांत सेना मेडल से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही यादव बिहार के शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालयों के संघ के प्रदेश सचिव एवं बिहार पेट्रोलियम संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। लगभग 15 वर्षों से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण एवं रोजगार/स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में शहीद प्रमोद शिक्षा महाविद्यालय, शहीद प्रमोद नर्सिंग महाविद्यालय एवं शहीद प्रमोद उच्च शिक्षा संस्थानों से जुड़े हैं।


 

Tags - jansuraaj shyamnandan-yadav tirhut-teacher bihar-politics teacher-election