द फॉलोअप,बिहार
बिहार में मानसून की दस्तक के बाद पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को सारण सहित कई जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 से 3 घंटे के दौरान जिले के 19 प्रखंडों में भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। आंधी-बारिश की संभावना को देखते हुए विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

किन-किन प्रखंडों के लिए चेतावनी?
मौसम विभाग ने अमनौर, इसुआपुर, एकमा, गड़खा, दरियापुर, जलालपुर, तरैया, बनियापुर, दिघवारा, नगरा, परसा, पानापुर, मकेर, मशरक, मांझी, रिविलगंज, सोनपुर, लहलादपुर और छपरा सदर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मौसम विभाग ने पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली, बेगूसराय, मधुबनी, समस्तीपुर और सहरसा जिले के कई प्रखंडों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में भी अगले दो से तीन घंटों में तेज हवा चलने की संभावना जताई है।

अनावश्यक घर से बाहर न निकलने की सलाह
खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान लोगों से खासकर किसानों को अनावश्यक घर से बाहर न निकलें। इसके साथ ही पेड़ों, बिजली के खंभों और होर्डिंग के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है। साथ ही मौसम विभाग और जिला प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाये रखने की सलाह दी है।