logo

Pitru Paksha Mela 2026 : उद्घाटन से पहले सम्राट चौधरी ने की पूजा, विष्णुपद मंदिर में रहे कई मंत्री

उद्घाटन से पहले सम्राट चौधरी ने की पूजा, विष्णुपद मंदिर में रहे कई मंत्री

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को गया जी के प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और मंत्री दिलीप जायसवाल समेत कई लोग मौजूद रहे। दरअसल, गया जी में पितृपक्ष मेला 2026 के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री और कई मंत्री पहुंचे थे। इस दौरान कृषि मंत्री और गया जी जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा तथा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने भी मुख्यमंत्री के साथ मंदिर के गर्भगृह में पूजा-अर्चना की।

पुलिस प्रशासन कर रही सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी

मुख्यमंत्री और मंत्रियों के आगमन को लेकर विष्णुपद मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मगध रेंज के आईजी समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जा रही थी। बता दें कि गया जी में पितृपक्ष के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालु यहां विभिन्न वेदियों पर अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान और तर्पण करते हैं। ऐसे में पितृपक्ष मेले के उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री और मंत्रियों का विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना करना धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
 

Tags - Samrat Choudhary Samrat Choudhary Gaya Visit Vishnupad Temple Gaya Samrat Choudhary Vishnupad Temple Pitru Paksha Mela 2026