द फॉलोअप डेस्क:
समस्तीपुर के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में नाबालिग से जुड़े वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार रात गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान मोरबा डीह गांव निवासी रौशन कुमार मिश्रा उर्फ भगत मिश्रा के रूप में हुई है। इससे पहले पुलिस लाटवसेपुरा गांव के धर्मेंद्र सहनी को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक चार लोगों की पहचान की गई है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
.jpeg)
24 सितंबर को सामने आया था वीडियो
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को सोशल मीडिया की निगरानी के दौरान नाबालिग से संबंधित वीडियो सामने आया था। तकनीकी जांच के आधार पर घटनास्थल की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में लाटवसेपुरा से मोरवा जाने वाली सड़क के रूप में की गई। जांच में घटना करीब 14 अगस्त 2025 की होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान शुरू की। इसी क्रम में पहले धर्मेंद्र सहनी और फिर रौशन कुमार मिश्रा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब वीडियो के स्रोत और इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

BNS, पॉक्सो और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस पदाधिकारी के बयान पर मुसरीघरारी थाना कांड संख्या 159/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की जांच की जा रही है। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नाबालिग की पहचान उजागर करने वाली फोटो, वीडियो या पोस्ट को सोशल मीडिया पर साझा न करें। ऐसे कंटेंट को आगे प्रसारित करने से बचें।