द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
बिहार के समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव में छठ महापर्व की तैयारियों के बीच एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है। पूजा के प्रसाद के लिए बनाये जा रहे पकवान को जूठा कर देने से नाराज मां ने अपनी ही चार वर्षीय मासूम बेटी की बेरहमी से पिटाई कर दी। इसके बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गयी। परिजन उसे इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृत बच्ची की पहचान वार्ड संख्या 12 निवासी राजू पासवान की चार वर्षीय पुत्री सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपित मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है।

घाट बनाने गये थे परिजन, घर में तैयार हो रहा था छठ का प्रसाद
बच्ची के पिता राजू पासवान ने पुलिस को बताया कि छठ पूजा को लेकर परिवार के सदस्य घर के समीप घाट बनाने गये थे। इस दौरान उनकी पत्नी रीना कुमारी घर में पूजा के लिए प्रसाद के पकवान तैयार कर रही थी। इसी बीच छोटी बेटी सुहानी ने पकवान जूठा कर दिया। इस बात से नाराज होकर रीना ने बच्ची की पिटाई कर दी। कुछ देर बाद सुहानी की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद मां ही उसे लेकर निजी नर्सिंग होम पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चार वर्षीय बेटी की मौत से पिता राजू पासवान का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में छठ पर्व की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। राजू ने व्यथित होकर कहा कि ऐसी पूजा का क्या फायदा, जब उनकी बेटी ही इस दुनिया में नहीं रही। उन्होंने पत्नी को कठोर सजा दिलाने की मांग करते हुए कहा कि अब उन्हें ऐसी पत्नी की जरूरत नहीं है। वह अपने बच्चों का पालन-पोषण अकेले कर लेंगे। राजू के तीन बच्चे हैं। इनमें सात वर्षीय बेटी शिवानी, चार वर्षीय सुहानी और डेढ़ वर्षीय बेटा राजा कुमार शामिल हैं।

पुलिस ने मां को किया गिरफ्तार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही पूसा थानाध्यक्ष रमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मोहम्मदपुर बिरौली गांव में चार वर्षीय बच्ची की मौत की सूचना मिली थी। मामले में आरोपित मां को हिरासत में लिया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बच्ची की मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। उधर, मासूम की मौत के बाद परिवार में छठ की खुशियां मातम में बदल गयी हैं।