बिहार
बिहार के सहरसा जिले में सोमवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा टल गया। हालांकि इस घटना में पैसेंजर ट्रेन की तीन बोगियां आग की चपेट में आ गईं, जिससे उन्हें भारी नुकसान पहुंचा। घटना सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर हुई, जहां सुबह करीब 3:30 बजे सहरसा से समस्तीपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन (संख्या 63344) में अचानक आग लग गई।
इंजन से उठे धुएं के बाद तीन बोगियों तक पहुंची आग
बताया जा रहा है कि ट्रेन के इंजन से पहले धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग इंजन से सटी तीन बोगियों तक फैल गई। आग लगते ही ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए तेजी से ट्रेन से उतरकर प्लेटफॉर्म की ओर भागने लगे। घटना के समय ट्रेन में काफी संख्या में यात्री मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। आग की ऊंची लपटों के कारण स्टेशन परिसर में भी कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
दमकल ने पाया आग पर काबू, कारणों की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। रेलवे अधिकारियों के साथ दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग काफी भीषण थी, जिसके कारण उसे पूरी तरह नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस घटना के चलते सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन से गुजरने वाली कुछ ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ और कई ट्रेनों को एहतियातन रोकना पड़ा। बाद में स्थिति सामान्य होने पर परिचालन बहाल कर दिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। समाचार लिखे जाने तक इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।