बिहार
बिहार के कोचिंग जगत से शुरू हुआ विवाद अब एक बड़े सियासी घमासान में तब्दील हो चुका है। ज्ञान बिंदु कोचिंग एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत के मामले ने बिहार की राजनीति में भूचाल ला दिया है। जनशक्ति जनता दल के सुप्रीमो और लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने सीधे तौर पर देश के सुप्रसिद्ध शिक्षक खान सर पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं दूसरी ओर, पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी इस पूरे मामले में बिहार सरकार और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
मीडिया चैनल में गहरा दुख जताया
एक मीडिया चैनल से बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव ने इस घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और ऐसा नहीं होना चाहिए था। तेज प्रताप ने सीधे तौर पर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर इसमें हम किसी पर इल्जाम लगाएंगे तो खान सर पर लगाएंगे, क्योंकि उन्होंने ही हत्या करवाई है। तेज प्रताप ने गुस्से में आगे कहा कि जो व्यक्ति अपने ही आदमी को बोलकर गोली चलवा सकता है, वह हत्या क्यों नहीं करवा सकता। उन्होंने दावा किया कि उन्हें पूरा यकीन है कि इस हत्या के पीछे खान सर का ही हाथ है और उन्हें जेल जाना चाहिए।
पीड़ित परिवार के लिए न्याय और पैरोल की मांग
इससे पहले तेज प्रताप यादव ने प्रिंस यादव की मौत को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भी अपनी मांगें रखी थीं। उन्होंने लिखा, "ज्ञानबिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद जी के भाई स्वर्गीय प्रिंस यादव की निर्मम हत्या की खबर से जनशक्ति जनता दल परिवार अत्यंत दुखी है। हमारी सरकार और प्रशासन से मांग है कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल सभी दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।" इसके साथ ही उन्होंने मानवीय आधार पर एक और मांग जोड़ते हुए लिखा कि सरकार रौशन आनंद जी को उनके भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जेल से रिहा करे या कम से कम एक दिन का पेरोल दे, ताकि वे अपने दिवंगत भाई को अंतिम विदाई दे सकें।
उच्च स्तरीय जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मांग
इस पूरे मामले को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी बिहार सरकार और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एक उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए अपने पोस्ट में लिखा, "बिहार के सुप्रसिद्ध ज्ञान बिंदु कोचिंग संचालक के भाई की हुई संदिग्ध मौत या हत्या की सभी पहलुओं से उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। तेजस्वी ने जल्द से जल्द पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की ताकि मौत की असली वजह साफ हो सके और पुलिस जांच समय पर आगे बढ़ सके। उन्होंने यह भी कहा कि कोचिंग जगत में चल रहा यह हालिया विवाद पूरे शिक्षा क्षेत्र के लिए बिल्कुल भी ठीक नहीं है और इस पूरे मामले में बिहार सरकार और प्रशासन का रवैया संदेहास्पद है।