द फॉलोअप डेस्क
बिहार के मुजफ्फरपुर से गायब हुई 3 लड़कियों को दिल्ली में बरामद किया गया है। इसके बाद से ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, सिकंदरपुर और मोतीझील इलाके की एक युवती और 2 किशोरियां शनिवार शाम अचानक गायब हो गईं। तीनों के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और जिले के सभी थाने व रेल पुलिस को अलर्ट किया गया। इसके बाद पुलिस को जानकारी मिली कि तीनों लड़कियां दिल्ली जा सकती हैं। ऐसे में जानकारी मिलने के तुरंत बाद लड़कियों के परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए।ऐसे पकड़ में आई लड़कियां
जानकारी हो कि गायब लड़कियों के परिजनों ने सिकंदरपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई। इसी बीच दिल्ली जा रही ट्रेन में तीनों लड़कियों को बगैर टिकट के पकड़ा गया। इसके बाद रेल पुलिस ने उन्हें ट्रेन से उतार लिया और पूछताछ की। फिर शक के आधार पर उनके अभिभावकों से संपर्क किया गया। इस पर परिजनों ने पुलिस से अनुरोध किया कि लड़कियों को उनके संरक्षण में रखा जाए। घटना के संबंध में बताया गया कि सिकंदरपुर की 2 किशोरियों के साथ जो युवती मिली है, वह एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है। किशोरियों से उसकी जान-पहचान मेहंदी लगाने के दौरान हुई थी। यही युवती दोनों किशोरियों को दिल्ली लेकर जा रही थी। इस मामले को लेकर सिकंदरपुर थानेदार रमण राज ने कहा कि दोनों किशोरियों और युवती का सुराग मिल गया है। साथ ही परिजन भी उन्हें लाने के लिए दिल्ली जा चुके हैं। चूंकि, लड़कियों का सुराग मिल चुका था, ऐसे में परिजनों ने FIR दर्ज नहीं करने का आग्रह किया है।