logo

जमुई की घटना पर राहुल गांधी ने उठाए सवाल, बोले- शाम 7 बजे कोई लड़की राज्य की सड़कों पर सुरक्षित क्यों नहीं है?

जमुई की घटना पर राहुल गांधी ने उठाए सवाल, बोले- शाम 7 बजे कोई लड़की राज्य की सड़कों पर सुरक्षित क्यों नहीं है?

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः 

बिहार के जमुई में नाबालिग लड़के-लड़की के साथ कथित बदसलूकी के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का हवाला देते हुए घटना पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बिहार सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में शाम सात बजे के बाद कोई लड़की सड़कों पर सुरक्षित क्यों नहीं है। राहुल गांधी ने घटना को बेहद गंभीर बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग 

राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि 10वीं कक्षा के छात्र और छात्रा को रास्ते में जबरन रोका गया और उनके साथ कथित तौर पर बदसलूकी की गई। उन्होंने कहा कि वीडियो में छात्रा लोगों से उसे जाने देने की गुहार लगाती दिखाई दे रही है। राहुल गांधी ने मामले में वीडियो में नजर आ रहे सभी लोगों की पहचान करने और आरोपियों के खिलाफ POCSO कानून के तहत कार्रवाई कर जल्द सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अगर घटना 19 सितंबर की है तो आरोपी अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं हुए।

पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

वहीं, मामले में जमुई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना को लेकर राहुल गांधी की प्रतिक्रिया के बाद अब कानून-व्यवस्था और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
 

यह भी पढें:जमुई में नाबालिगों को रोककर किया यौन उत्पीड़न, 3 आरोपी गिरफ्तार; पुलिस जांच में जुटी

Tags - Rahul Gandhi Jamui Jamui incident Jamui viral video Bihar Jamui news Rahul Gandhi on Jamui