बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के प्रमुख नेताओं में शामिल कुम्हरार से प्रो. केसी सिन्हा, मनेर से गोपाल सिंह और दीघा से बिट्टू सिंह, जो जन सुराज के प्रत्याशी रह चुके हैं, बुधवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

भाजपा का दामन थामा
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद गोपाल सिंह और बिट्टू सिंह ने इसे अपनी "घर वापसी" बताया। वहीं, प्रो. केसी सिन्हा ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए भाजपा का दामन थामा है और केंद्र सरकार को मजबूत करने के उद्देश्य से यह फैसला लिया है। इन नेताओं का भाजपा में शामिल होना जन सुराज के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर स्वयं बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव मैदान में हैं।

30 जुलाई को मतदान
प्रो. केसी सिन्हा जन सुराज अभियान की शुरुआत से ही प्रशांत किशोर के करीबी सहयोगियों में रहे हैं और संगठन निर्माण से लेकर जनसंवाद कार्यक्रमों तक उनकी सक्रिय भूमिका रही है। बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। मतदान से पहले पार्टी के तीन प्रमुख नेताओं का भाजपा में शामिल होना जन सुराज की चुनावी रणनीति के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।