द फॉलोअप डेस्क
बिहार की राजधानी पटना से चौंकाने वाले मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने ट्रिपल मर्डर का खुलासा किया है। मिली जानकारी के अनुसार, जिले के अथमलगोला थाना क्षेत्र में 3 फरवरी को अपराधियों ने ट्रिपल मर्डर की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने बताया कि इस पूरे कांड के पीछे का कारण फुलेलपुर के रहने वाले मृतक संजीत कुमार पर प्रेमिका द्वारा शादी का दवाब बनाना था।
पुलिस ने जानकारी दी कि संजीत ने शादी के लिए रुपये जुटाने के लिए आसान रास्ता ढूंढ़ने का सोचा और दोस्तों के साथ मिलकर लूटपाट करने की साजिश रची। लेकिन इस घटना को अंजाम देते समय संजीत सहित 3 लोगों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि तिहरे हत्याकांड में एक दंपति की भी मौत हुई है, जबकि उनका बच्चा घायल है। हालांकि, इस मामले में चौंकाने वाली बात है कि पुलिस पहले इस घटना को सड़क हादसा समझ रही थी।
इस मामले का खुलासा करते हुए रविवार को पटना के ग्रामीण SP ने बताया कि मामले में बाढ़ के बुढ़नपुर के रहने वाले गेनारी उर्फ गेंडा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही हत्या में प्रयुक्त चाकू, 2 बाइक और 3 मोबाइल भी पुलिस ने जब्त किए है। इस मामले में पुलिस ने पहले ही 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस ने कहा कि पूछताछ में आरोपी गेनारी ने बताया कि मृतक संजीत की गर्लफ्रेंड बार-बार उसे फोन कर शादी का दबाव बना रही थी। लेकिन संजीत के पास शादी करने के लिए पैसे नहीं थे। ऐसे में उसने अपने दोस्तों के साथ यह बात साझा की। जिसके बाद संजीत ने गेनारी, नवीन और गोलू के साथ मिलकर पैसों का इंतजाम करने के लिए लूट की वारदात को अंजाम देने की साजिश रची।
चारों ने मिलकर बनाया लूटपाट का प्लान
इसके बाद चारों साथियों ने मिलकर चंदभूषण नाम के व्यक्ति को गांव में रहने की बात कहकर फुलेलपुर के संजय चौधरी से पैसों के लिए धमकाया। लेकिन वहां से उनके हाथ कुछ नहीं लगा। इस पर 2 बाइक पर सवार होकर चारों लूटपाट करने 3 फरवरी को थंबा-बाजितपुर मोड़ पर पहुंचे। यहां उन्होंने रास्ते से एक परिवार को बाइक से गुजरते देखा, जिसमें पति और पत्नी उनका बच्चा था। इसके बाद चारों दंपति को घेर कर लूटपाट करने लगे। इसी बीच जब दंपति ने लूट का विरोध किया तो गोलू और गेनारी ने चाकू निकालकर उनपर वार कर दिया। इस हमले में दंपति बुरी तरह घायल हो गया। फिर बाद में दोनों की मौत हो गई। जान गंवाने वालों की पहचान मनीष कुमार और उनकी पत्नी कंचन देवी के रूप में की गई है। इसके साथ ही लूटपाट के दौरान चाकू लगने से बच्चा भी घायल हो गया।लेकिन इस बीच संजीत ने अपने साथियों से कहा कि दंपति उसकी पहचान के हैं, इसलिए उसे नहीं मारे। तो, इस पर नवीन ने गेनारी से चाकू छीन लिया। नवीन ने कहा कि दंपति के साथ संजीत को भी मारना होगा, नहीं तो वह भांडा फोड़ देगा। इसके बाद नवीन ने संजीत पर चाकू से वारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसी छीना-झपटी में नवीन भी घायल हो गया। यह देख गेनारी और गोलू मौके से फरार हो गए। बता दें कि इस मामले में पुलिस ने चंदभूषण को पहले ही गिरफ्तार कर लिया। साथ ही चाकू लगने में जख्मी नवीन कुमार का भी पुलिस कस्टडी में PMCH में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मर्डर केस को एक्सीडेंट समझ की जांच
वहीं, इस मामले में चौंकाने वाली बात रही कि पुलिस शुरुआत में सड़क हादसा समझ कर मामले की जांच रही थी। लेकिन गहनता से जांच करने पर पुलिस को पता चला कि यह हादसा नहीं, ट्रिपल मर्डर का केस है। इसके बाद पुलिस को लगा कि संजीत पर अपराधियों ने हमला किया था। ऐसे में जब उसके परिचित, उसे बचाने गए तो उन्हें भी बदमाशों ने मार दिया। हालांकि, आरोपी के कबूलनामे के बाद मामले की पूरी तस्वीर साफ हो गई।