logo

Patna Water Metro : CM सम्राट ने पटना में गंगा नदी पर वाटर मेट्रो का किया उद्घाटन

CM सम्राट ने पटना में गंगा नदी पर वाटर मेट्रो का किया उद्घाटन

द फॉलोअप डेस्क:

Patna Water Metro Service: छठ (Chath) महापर्व के मौके पर पटना (Patna) के लोगों को गंगा में वाटर मेट्रो (Water Metro) की नई सौगात मिली है। मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (CM Samrat Choudhary) ने दीघा घाट (Digha Ghat) पर वाटर मेट्रो सेवा का उद्घाटन किया। इस दौरान डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी मौजूद रहे। फिलहाल दीघा घाट से NIT घाट के बीच करीब 9.5 किलोमीटर के रूट पर वाटर मेट्रो का संचालन होगा। AC सुविधा से लैस इस आधुनिक बोट में एक बार में करीब 100 यात्री सफर कर सकेंगे। यात्रियों के लिए किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है। लोग सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक इस सेवा का आनंद ले सकेंगे। इसका संचालन बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की निगरानी में होगा।

कोच्चि के बाद पटना में शुरू हुई वाटर मेट्रो

वाटर मेट्रो शुरू होने से पटना में सड़क मार्ग के साथ-साथ गंगा के रास्ते भी आवागमन का एक नया विकल्प मिलेगा। इसके अलावा शहर में जल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। केंद्रीय जल परिवहन मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने पटना में इस सेवा की शुरुआत करने की घोषणा की थी। इसके साथ ही पटना देश का दूसरा शहर बन गया है, जहां वाटर मेट्रो सेवा शुरू हुई है। इससे पहले केरल के कोच्चि में यह सुविधा संचालित हो रही है। सरकार की योजना गंगा के अलावा सोन, गंडक और कोसी नदियों में भी जलमार्ग विकसित करने की है। इसके लिए जल्द ही एक टास्क फोर्स गठित की जाएगी, जिसमें जलमार्ग मंत्रालय, भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण और बिहार सरकार के अधिकारी शामिल होंगे। यह टीम इन नदियों में यात्री परिवहन और पर्यटन की संभावनाओं का अध्ययन करेगी।

15 मिनट में चार्ज होगी बोट, सुरक्षा के भी इंतजाम

पटना की वाटर मेट्रो को आधुनिक तकनीक और सुरक्षा सुविधाओं से लैस किया गया है। गांधी घाट पर बोट की बैटरी चार्ज करने के लिए विशेष सुपर चार्जर लगाया गया है, जिसकी मदद से इसे करीब 10 से 15 मिनट में चार्ज किया जा सकेगा। यात्रियों की सुरक्षा के लिए बोट में सीसीटीवी कैमरे और ऑटोमेटिक लोकेशन सिस्टम लगाए गए हैं। इनकी निगरानी रिमोट सिस्टम के जरिए की जाएगी। वहीं, किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरे रूट पर तीन से चार रेस्क्यू बोट भी तैनात रहेंगी। इस पहल से पटना में गंगा के रास्ते सफर आसान होने के साथ-साथ पर्यटन को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
 

Tags - Bihar News Bihar Latest News Patna Water Metro Patna Water Metro Service