द फॉलोअप डेस्क:
Patna Graduate MLC Election: पटना स्नातक निर्वाचन (Patna Graduate Constituency) क्षेत्र के MLC चुनाव को लेकर जेडीयू (JDU) के अंदर चल रहा विवाद अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच गया है। अपनी उम्मीदवारी के विरोध में उतरे मोकामा विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) के बीच जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार (Neeraj Kumar) ने नीतीश कुमार से मुलाकात की। 7 सर्कुलर रोड पर हुई इस मुलाकात में पटना स्नातक सीट के चुनाव को लेकर चर्चा हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, नीतीश कुमार ने नीरज कुमार (Nitish Kumar) को मजबूती से चुनाव लड़ने का संदेश दिया और जीत के लिए मेहनत करने को कहा।
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक
जनता दल (यू०) के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष, क्लाइमेट लीडर एवं ग्लोबल थिंकर आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी द्वारा मुझे पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव 2026 के लिए NDA समर्थित उम्मीदवार के रूप में जनता दल (यू०) के उम्मीदवार होने का प्रपत्र प्रदान किया गया।
— Neeraj kumar (@neerajkumarmlc) October 3, 2026
इस महत्वपूर्ण दायित्व के… pic.twitter.com/GaaOhuhPY5

यह भी पढ़ें: Patna Retired Engineer Death : पटना में कार से मिला झारखंड के रिटायर्ड इंजीनियर का शव, सिर में लगी थी गोली
नीतीश कुमार से मिले नीरज कुमार
जानकारी के अनुसार, नीरज कुमार ने नीतीश कुमार से मुलाकात के दौरान पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी तैयारियों को लेकर बातचीत की। रिपोर्टों में बताया गया है कि इस दौरान नीरज कुमार को एनडीए समर्थित जेडीयू उम्मीदवार होने से संबंधित प्रपत्र भी सौंपा गया। मुलाकात के बाद नीरज कुमार ने सोशल मीडिया पर नीतीश कुमार के प्रति आभार जताया। उन्होंने इस मुलाकात को अपने साथ-साथ पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए भी महत्वपूर्ण बताया।
नीरज कुमार ने कार्यकर्ताओं को बताया अपनी ताकत
नीरज कुमार ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि नीतीश कुमार ने उन्हें पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव 2026 के लिए एनडीए समर्थित जेडीयू उम्मीदवार होने का प्रपत्र प्रदान किया। उन्होंने इसे अपने लिए सम्मान के साथ-साथ पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की पूंजी बताया। नीरज ने कहा कि कार्यकर्ताओं का स्नेह, आशीर्वाद, विश्वास और सहयोग ही उनकी ताकत है। जेडीयू ने 23 सितंबर को पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को दोबारा उम्मीदवार घोषित किया था। नीरज कुमार इस सीट से चौथी बार चुनाव मैदान में हैं। उनकी उम्मीदवारी सामने आने के बाद मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने इसका विरोध किया और जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज कुमार सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया। अनंत सिंह अनुज सिंह के नामांकन कार्यक्रम में भी शामिल हुए और उनके पक्ष में प्रचार करने की बात कही।

विवाद सुलझाने की कोशिश में जेडीयू
अनंत सिंह के खुले विरोध के बाद यह मामला जेडीयू नेतृत्व के संज्ञान में है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा है कि केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद को सुलझाने के लिए अधिकृत किया गया है। पार्टी स्तर पर दोनों नेताओं के बीच बातचीत के जरिए मामले का समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जेडीयू ने नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जन सुराज की ओर से डॉ. अनुज कुमार सिंह मैदान में हैं। ऐसे में चुनाव से पहले नीरज कुमार की नीतीश कुमार से मुलाकात और अनंत सिंह का अनुज सिंह के समर्थन में सक्रिय होना पटना स्नातक सीट के मुकाबले को लेकर चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है।
यह भी पढ़ें: रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन, चिराग पासवान ने 2027 के लिए कसी कमर