Bunty Yadav Murderd Case:
पटना के चर्चित बंटी यादव हत्याकांड में गुरुवार सुबह मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। परिजनों के मुताबिक, बंटी यादव उक्त इलाके में चल रहे सेक्स रैकेट के खिलाफ आवाज उठाता था। इसी के विरोध में बीते कुछ दिनों पहले अपराधियों ने बंटी को अपहरण कर हत्या कर दी थी। अपहरण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।

गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार
पुलिस को सूचना मिली थी कि अपराधी रवीश एलएनटी घाट के रास्ते पटना आ रहा है। इसी दौरान पुलिस टीम ने उसे घेर लिया। खुद को पुलिस टीम से घिरते देख अपराधी रवीश ने फायरिंग शुरु कर दी। पुलिस द्वारा जवाबी कार्रवाई के दौरान उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की ओर से चलाई गई एक गोली कोतवाली थाना की सरकारी गाड़ी के बोनट पर लगी, लेकिन वाहन में मौजूद थाना प्रभारी अजय कुमार समेत सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे। घटनास्थल से पुलिस ने एक देसी पिस्तौल बरामद की है, जिसकी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, आरोपी पर हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

क्या था पूरा मामला?
परिजनों के मुताबिक, बंटी यादव सेक्स रैकेट के खिलाफ आवाज उठाता था। इसी के विरोध में 6 जुलाई को पटना जंक्शन के टाटा पार्क के पास से उसका अपहरण किया गया था। पांच दिन बाद 11 जुलाई को अथमलगोला से बंटी के शव बरामद हुआ था, जिसके बाद परिवार और आसपास में कोहराम मच गया। पुलिस जांच में सामने आया कि बंटी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या की गई थी। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।