logo

पटना के चर्चित कोचिंग विवाद :  3 जुलाई को खान सर की जमानत पर होगी अगली सुनवाई, बॉडीगार्ड्स के हथियार पर लाइसेंस का संकट 

khan_sai1.jpg

पटना/बिहार 
पटना के चर्चित कोचिंग विवाद मामले में खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर मंगलवार को कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने जेल में बंद खान सर के दोनों बॉडीगार्ड्स के हथियार के लाइसेंस से संबंधित रिपोर्ट थाना से तलब की। मामले में खान सर की ओर से वकील सत्यम झा ने बताया कि कांड संख्या 418/26 में तीन आरोपितों के मामले पर सुनवाई हुई। अब अगली सुनवाई 3 जुलाई को होगी। 

हथियारों की जांच करेगी एफएसएल टीम
उधर, ज्ञान बिंदू के संचालक रौशन आनंद पक्ष की ओर से अधिवक्ता ने कोर्ट में दलील दी। बताया कि गिरफ्तार हुए एक बॉडीगार्ड के पास बरामद हथियार का लाइसेंस उत्तर प्रदेश का है, और उसका उपयोग बिहार में किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों बॉडीगार्ड्स के हथियारों की जांच के लिए एफएसएल को भेज दिया गया है। अगर गोली चलाने की पुष्टि होती है तो लाइसेंस रद्द किया जा सकता है। 

हथियार का लाइसेंस पूरे भारत में मान्य नहीं था
पुलिस के अनुसार, फायरिंग में इस्तेमाल किया गया एक हथियार उत्तर प्रदेश के कासगंज निवासी तालेबर सिंह के नाम पर है। हथियार का लाइसेंस पूरे भारत में मान्य नहीं था, जबकि बिहार में इसका इस्तेमाल किया जा रहा था। आरोप यह भी है कि सुरक्षा ड्यूटी करने की भी गार्ड्स के पास वैध अनुमति नहीं थी। वहीं दूसरे सुरक्षाकर्मी प्रदीप कुमार के हथियार का ऑल इंडिया परमिट तो था, लेकिन वह लाइसेंस केवल आत्मरक्षा के उद्देश्य से जारी किया गया था। जांच में आरोप है कि इसका इस्तेमाल निजी सुरक्षा ड्यूटी में किया गया, जो लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन है। फिलहाल मामले में कोर्ट की अगली सुनवाई 3 जुलाई को रखी गई है। अब देखना होगा कि कोर्ट अगली सुनवाई में क्या फैसला लेती है।

Tags - Khan Sir coaching dispute Patna coaching controversy