logo

मुजफ्फरपुर में स्कूल को बनाया निशाना, 18 राउंड फायरिंग के बाद 50 लाख की रंगदारी की धमकी

मुजफ्फरपुर में स्कूल को बनाया निशाना, 18 राउंड फायरिंग के बाद 50 लाख की रंगदारी की धमकी

द फॉलोअप डेस्क: 

मुजफ्फरपुर के कांटी में एक स्कूल को निशाना बनाकर देर रात जमकर फायरिंग की गई है। कांटी थर्मल पावर स्टेशन के ठीक सामने स्थित चंद्रशील स्कूल की बाउंड्री वॉल पर बदमाशों ने एक-दो नहीं, बल्कि लगातार 18 राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग के बाद स्कूल की दीवार पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला धमकी भरा पोस्टर भी चिपकाया गया। घटना के बाद से स्कूल प्रबंधन, शिक्षक, अभिभावक और आसपास के लोगों में डर का माहौल है। गोलियों की आवाज इतनी तेज थी कि देर रात पूरा इलाका दहल उठा। जानकारी के मुताबिक, हथियारों से लैस बदमाश देर रात चंद्रशील स्कूल पहुंचे। उन्होंने स्कूल की चारदीवारी और गेट को निशाना बनाते हुए लगातार 18 चक्र फायरिंग की। गोलीबारी के निशान अब भी स्कूल की पक्की दीवार और गेट पर साफ देखे जा सकते हैं। मौके पर 18 खोखे भी मिले हैं।

मुख्य दीवार पर चस्पाय धमकी भर पोस्टर 

फायरिंग के बाद बदमाशों ने स्कूल की मुख्य दीवार पर एक हाथ से लिखा धमकी भरा पोस्टर चिपका दिया। इस पोस्टर में स्कूल प्रबंधन से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। साथ ही रकम समय पर नहीं देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी गई है। पोस्टर में स्कूल प्रबंधन को जान-माल के नुकसान की भी चेतावनी दी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही कांटी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दीवार पर चिपका धमकी वाला पोस्टर जब्त कर लिया है। इसके अलावा घटनास्थल से मिले 18 खोखों और दूसरे अहम सबूतों को भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस, ईलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई 

अब पुलिस अपराधियों तक पहुंचने के लिए इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। स्कूल परिसर के साथ-साथ नेशनल हाईवे के आसपास लगे कैमरों को भी देखा जा रहा है। पुलिस को शक है कि बाइक सवार अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया और फिर मौके से फरार हो गए। CCTV से उनके हुलिए और भागने की दिशा का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। वहीं, कांटी थर्मल पावर स्टेशन जैसे व्यस्त और औद्योगिक इलाके के ठीक सामने हुई इस वारदात ने रात की पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद स्कूल और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कांटी थानाध्यक्ष के मुताबिक, अपराधियों की पहचान लगभग कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी टीम बनाई गई है और लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Tags - Muzaffarpur School Firing Chandrasheel School Firing Muzaffarpur Crime News Kanti School Firing Chandrasheel School Muzaffarpur