मोतिहारी/बिहार
पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में शुक्रवार देर रात खाना बनाते समय एक घर में अचानक प्रेशर कुकर फट गया। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों में एक महिला और उसके तीन बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज मोतिहारी में ही एक अस्पताल में जारी है। घटना पताही थाना क्षेत्र के पदुमकेर गांव का है।

दीनानाथ के घर में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, दीनानाथ पटेल के घर में रात में खाना बन रहा था। इसी दौरान अचानक प्रेशर कुकर तेज धमाके साथ फट गया। इसमें कुकर से निकली गर्म भाप और पक रहा भोजन छिटककर किचन में मौजूद लोगों पर गिर गया। इस हादसे में दीनानाथ पटेल की पत्नी त्रिरेखा देवी (30 वर्ष) उनके तीन पुत्र शिवम कुमार (10 वर्ष), मनप्रीत कुमार (7 वर्ष) और आयुष कुमार (5 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गए।

बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दीनानाथ के घर पहुंचे और तुरंत घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य़ केंद्र पताही पहुंचाया। डॉक्टरों ने वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर कर दिया। फिलहाल सभी का इलाज चल रहा है। लेकिन इस घटना के बाद से आसपास में चिंता का माहौल बना हुआ है।