logo

पटना में 26 राज्यों के 500 से ज्यादा खिलाड़ियों का जुटान, नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025 का शुभारंभ

ATHELITE.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
बिहार में पहली बार 10 से 12 मार्च तक नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025 का आयोजन होने जा रहा है। यह प्रतियोगिता पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में होगी, जिसमें देश के 26 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 500 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स की 12 विभिन्न विधाओं में प्रतिस्पर्धा होगी।

इस चैम्पियनशिप के विजेता खिलाड़ियों में से 15 से 18 अप्रैल तक साउदी अरब में होने वाली छठी एशियन अंडर 18 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम का चयन किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन का संचालन खेल विभाग और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और बिहार एथलेटिक्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।12 स्पर्धाओं में होगी प्रतियोगिता
इस चैम्पियनशिप में 12 प्रमुख स्पर्धाओं में प्रतियोगिता होगी, जिनमें 100, 200, 400, 1000 मीटर दौड़, 110 मीटर बाधा दौड़, हाई जम्प, लॉन्ग जम्प, शॉट पुट, डिस्कस थ्रो, जेवलिन थ्रो, 5 किलोमीटर वॉक और हेप्टाथलान शामिल हैं। हेप्टाथलान में 110 मीटर बाधा दौड़, 200 और 1000 मीटर दौड़, लॉन्ग जम्प, हाई जम्प, शॉट पुट और जेवलिन थ्रो होंगे। प्रत्येक राज्य से प्रत्येक स्पर्धा में केवल दो खिलाड़ी ही भाग ले सकते हैं, और एक खिलाड़ी अधिकतम दो एकल स्पर्धाओं में ही प्रतिस्पर्धा कर सकता है।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले राज्य
इस प्रतियोगिता में आंध्रप्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, आसाम, बिहार, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, केरल, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, मेघालय, ओड़िशा, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, और पश्चिम बंगाल के खिलाड़ी भाग लेंगे।

खेल प्राधिकरण के महानिदेशक का बयान
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि "बिहार पहली बार नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैम्पियनशिप प्रतियोगिता की मेज़बानी कर रहा है। यह हमारे लिए बहुत खुशी और गर्व की बात है। यह खेल विभाग और सरकार के निरंतर प्रयास व सहयोग का परिणाम है कि कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं यहां हो रही हैं।" इस आयोजन को लेकर प्रदेश में उत्साह का माहौल है और यह राज्य के खेल क्षेत्र में एक नया अध्याय साबित हो सकता है।

Tags - BIHARBIHARNEWSPATNAYOUTHCHAMPIONSHIPSTATE