पटना,बिहार
पटना पहुंचते ही मीडिया द्वारा सुरक्षा घटाने को लेकर सवाल पूछे जाने पर मीसा भारती ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य सरकार पर हमला बोला, कहा- सम्राट सरकार सिखा रही है, सत्ता मिले तो विपक्ष के साथ कैसा बर्ताव करना है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और सांसद मीसा भारती मंगलवार को दिल्ली से पटना पहुंचे। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में मौजूद राजद कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने राज्य सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति करने का आरोप लगाया।

मीसा भारती ने सरकार पर कसा तंज
मीसा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार जनता को मुद्दों से ध्यान हटाकर विपक्ष को निशाना बनाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार सुरक्षा में कटौती, आवास खाली कराने और मंदिर-मस्जिद जैसे मुद्दों में उलझी हुई है, जबकि महंगाई, बेरोजगारी और आम लोगों की समस्याओं पर उसके पास कोई जवाब नहीं है। मीसा ने तंज कसते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने विपक्ष के साथ जैसा व्यवहार किया है, उससे उन्हें एक सीख जरूर मिली है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में जनता उन्हें सत्ता सौंपती है तो वे विपक्ष के साथ वैसा व्यवहार नहीं करेंगे जैसा आज उनके साथ किया जा रहा है।

तेजस्वी यादव का तीखा हमला
वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उन्हें सरकारी सुरक्षा की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि उनकी सुरक्षा राजद के समर्पित कार्यकर्ता कर रहे हैं। तेजस्वी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहे हैं। संकट के समय उन्होंने संगठन की ताकत को महसूस किया है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार यदि सुरक्षा को राजनीतिक हथियार बनाना चाहती है तो उन्हें ऐसी सुरक्षा की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने दोहराते हुए कहा कि हम पहले भी सुरक्षा वापस लेने की बात कह चुके हैं। मुझे आज भी अपने कार्यकर्ताओं पर पूरा भरोसा है।