पटना
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज बिहार कुम्हार (प्रजापति) समन्वय समिति द्वारा आयोजित अमर शहीद रामचन्द्र विद्यार्थी का शहादत दिवस तथा नवनिर्वाचित विधान पार्षदों के अभिनंदन समारोह का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने अमर शहीद रामचन्द्र विद्यार्थी चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 वर्ष की आयु में अमर शहीद रामचन्द्र विद्यार्थी ने देश की आजादी के लिये अपने प्राणों की आहूति दी। अमर शहीद रामचंद्र विद्यार्थी जी का जीवन और उनका बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को याद करना और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। आज तीन वीर शहीदों को याद करने का दिन है। पंडित राजकुमार शुक्ल और अमर शहीद रामफल मंडल को भी श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन करता हूं।
प्रजापति समाज कैसे आगे बढ़े, इस पर हुआ मंथन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रजापति समाज कैसे आगे बढ़े, इसकी चिंता हमलोग कर रहे हैं। प्रजापति समाज वह समाज है जो साधारण मिट्टी को भी गढ़कर मूर्ति का रूप देता है। कुम्हार (प्रजापति) समाज ने अपनी कला, श्रम और हुनर के माध्यम से सदियों से हमारी संस्कृति और परंपरा को समृद्ध किया है। बिहार को सजाने संवारने तथा विकास की नई रूपरेखा तैयार कर आगे बढ़ाने के लिये हम सबको मिलकर काम करना होगा। इस प्रजापति समाज से हमारी दो बहनें शीला पंडित और शिवरानी प्रजापति को विधान पार्षद के रूप में जिम्मेवारी मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की माटी कला हमारी समृद्ध लोक एवं पारंपरिक संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस पारंपरिक कला को संरक्षण एवं प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से अगले तीन माह में माटी कला बोर्ड का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि माटी कला बोर्ड के माध्यम से कुम्हार (प्रजापति) समाज एवं माटी कला से जुड़े कारीगरों के हित में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। कारीगरों को आधुनिक तकनीक एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के साथ उनके उत्पादों के बेहतर विपणन और बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जाएगी।
बिहार के सभी लोगों को 125 यूनिट बिजली दी जा रही है
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के विकास, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। बिहार के सभी लोगों को 125 यूनिट बिजली दी जा रही है। वृद्धा पेंशन की राशि 400 रूपये से बढ़ाकर 1100 रूपये की गयी है। सहयोग शिविर के माध्यम से किसी समस्याओं का समाधान के लिये दिये जाने वाले आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के अंदर किया जा रहा है। 30 दिनों के अंदर जो भी अधिकारी, कर्मचारी आवेदन पर आदेश नहीं देते हैं तो उन पर कार्रवाई करने का प्रावधान है। अब तक साढ़े छह लाख आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। कोसी, गंडक, गंगा नदी के दोनों किनारों को व्यवस्थित करना है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिये सरकार लगातार काम कर रही है। 1 करोड़ 81 लाख बहनों के खाते में मुख्यमंत्री रोजगार योजना के तहत 10 हजार रूपये की राशि अंतरित की गयी है ताकि वे अपना रोजगार शुरू कर सकें।
मौके पर ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर खान एवं भूतत्व सह कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ० प्रमोद कुमार, राज्यसभा सांसद डॉ० भीम सिंह, विधायक आलोक सिंह, विधायक वशिष्ठ सिंह, विधान पार्षद मती शीला पंडित, विधान पार्षद मती शिवरानी प्रजापति, बिहार कुम्हार (प्रजापति) समन्वय समिति के प्रदेश अध्यक्ष रूपेश कुमार पंडित, (प्रजापति) समन्वय समिति के प्रदेश महामंत्री प्रजापति पिंटू गुरू जी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें