द फॉलोअप डेस्क:
Rise and Fall Manish Kashyap: बिहार (Bihar) के चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप (Manish Kashyap) एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वह अपने किसी वीडियो या बयान को लेकर नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (CM Samrat Choudhary) से हुई मुलाकात को लेकर सुर्खियों में आए हैं। मनीष कश्यप अपनी होने वाली पत्नी अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की हैं। मनीष ने बताया कि रियलिटी शो 'Rise & Fall' में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के बाद वह बिहार लौटे और मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उनकी होने वाली पत्नी अनुष्का भी उनके साथ थीं।

श्रीमद्भगवद्गीता की पुस्तक की गई भेंट
मुलाकात के दौरान मनीष कश्यप और अनुष्का शर्मा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को श्रीमद्भगवद्गीता की पुस्तक भेंट की। इसके बाद दोनों ने मुख्यमंत्री से आशीर्वाद लिया। मनीष कश्यप ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि श्रीमद्भगवद्गीता भारतीय संस्कृति, ज्ञान और जीवन दर्शन का प्रतीक है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मिले स्नेह, सम्मान और आशीर्वाद के लिए आभार जताया। मनीष के मुताबिक, यह मुलाकात उनके और अनुष्का के लिए बेहद खास और यादगार रही। सोशल मीडिया पर सामने आई इन तस्वीरों के बाद दोनों की मुलाकात चर्चा का विषय बन गई है।

कौन हैं अनुष्का शर्मा?
मनीष कश्यप की होने वाली पत्नी अनुष्का शर्मा को अनुष्का कुमारी के नाम से भी जाना जाता है। वह मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर क्षेत्र की रहने वाली हैं। अनुष्का ने पटना विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। वह छात्र राजनीति में भी सक्रिय रह चुकी हैं। पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की ओर से अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ा था। छात्र राजनीति से जुड़ाव के कारण भी अनुष्का पहले चर्चा में रह चुकी हैं। अब मनीष कश्यप के साथ उनकी तस्वीरें सामने आने के बाद लोग उनके बारे में भी जानने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।