logo

मधुबनी को सड़क जाम से मिलेगी निजात, CM नीतीश ने जिले को दर्जनों योजनाओं की दी सौगात

नीतीश_कुमार2.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के दौरान मधुबनी जिले को 1107 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 139 विकासात्मक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए की जा रही योजनाओं की जानकारी साझा की और विकास कार्यों को लेकर अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। 
मुख्यमंत्री की यात्रा की शुरुआत मधुबनी जिले के खुटौना प्रखंड के ग्राम दुर्गीपट्टी से हुई। यहां उन्होंने अमर शहीद रामफल मंडल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा और उनके सपनों के अनुरूप राज्य के विकास के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। 
 जीविका दीदियों की सराहना और योजनाओं का वितरण 
मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों और अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अभियान बसेरा-2 के तहत 926 भूमिहीन परिवारों को पर्चा वितरित किया और कई योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और अन्य सामग्री प्रदान की। इनमें मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के लाभार्थी शामिल थे। उन्होंने कहा कि बिहार में स्वयं सहायता समूहों (जीविका) का विस्तार उनकी सरकार की प्राथमिकता रही है। 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर इस पहल की शुरुआत की गई थी। उन्होंने बताया कि महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए यह एक प्रभावी कदम साबित हुआ है। 
 विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन 
दुर्गीपट्टी स्थित राजकीय मध्य विद्यालय के प्रांगण में मुख्यमंत्री ने कई योजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत सौंदर्यीकृत अमृत सरोवर, स्कूलों में छत वर्षा जल संचय, सौर ऊर्जा परियोजनाएं और अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई का निर्माण कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत किए गए कार्यों की प्रशंसा की और अधिकारियों को सरोवर के चारों ओर सीढ़ीनुमा घाट बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद करेगी, बल्कि स्थानीय निवासियों के लिए भी उपयोगी साबित होगी। 
रिंग रोड का होगा निर्माण 
 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मधुबनी जिले को जाम से निजात दिलाने के लिए रिंग रोड निर्माण की घोषणा की है। पथ निर्माण विभाग के प्रस्ताव के मुताबिक रिंगरोड का निर्माण 28 किमी की दूरी में किया जाएगा। पंडौल के कनकपुर से रहिका के जगतपुर के बीच रिंगरोड का सड़क का निर्माण किया जाएगा। जो कोसी केनाल व रामपट्टी में बन रहे भारत माला प्रोजेक्ट की सड़क को जोड़ेगी। रिंग रोड के निर्माण से मधुबनी,पंडौल व सकरी बजार में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही आवागमन में सुविधा होगी। रिंग रोड निर्माण के लिए जमीन का अधिग्रहण भी किया जाएगा। पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार रिंगरोड निर्माण के लिए करीब 30 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा।
  मुख्यमंत्री की अपील और निर्देश 
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी विकास कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं और समाज के विकास में योगदान दें। कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, खाद्य मंत्री लेशी सिंह, पर्यटन मंत्री नीतीश मिश्रा, परिवहन मंत्री शीला कुमारी और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
 

Tags - BIHARBIHARNEWSBIHARPOSTCMNITISHMADHUBANI