logo

बंटी यादव मर्डर केस  : पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- हर घर में शराब उपलब्ध है

khesari3.jpg

Bunty Yadav Murderd:
पटना के चर्चित बंटी यादव हत्याकांड में रविवार को भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने परिवार को आर्थिक सहायता दी और भोजपुरी कलाकारों से भी पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आने की अपील की। इस दौरान मीडिया से बातचीत में खेसारी लाल यादव ने बिहार की शराबबंदी नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में घर-घर शराब उपलब्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस असली तस्करों तक नहीं पहुंच पाती और सरकार को इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।

सेक्स रैकेट के खिलाफ आवाज उठाता था
बताया जा रहा है कि कथित अवैध सेक्स रैकेट के खिलाफ आवाज उठाने वाले बंटी यादव का 6 जुलाई को पटना जंक्शन के पास से अपहरण कर लिया गया था। अपहरण का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद 11 जुलाई को अथमलगोला इलाके से बंटी यादव का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों का आरोप है कि अपहरण की सूचना देने के बावजूद पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि अगर पुलिस समय रहते सक्रिय होती तो शायद बंटी की जान बच सकती थी।
पुलिस का दावा
वहीं, इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में एक एसआई समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। हालांकि पुलिस का दावा है कि बंटी यादव खुद शराब के कारोबार से जुड़ा था। पैसों के लेनदेन और शराब विवाद के चलते उसकी हत्या की गई। वहीं, परिवार ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ सरकार से न्याय की मांग की है।

Tags - Bunty Yadav Murder Case Khesari Lal Yadav Bunty Yadav Murder News