पटना/बिहार
पटना में मंगलवार रात खान सर की कोचिंग ‘ग्लोबल स्टडीज’ पर हमला हुआ। इस दौरान अपराधियों ने 8 से 10 राउंड गोली चलाई। इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए “ज्ञान बिंदु कोचिंग” के डायरेक्टर रोशन आनंद समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच जारी है। वीडियो में कुछ लोग गार्ड के साथ मारपीट करते और हंगामा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस इसी आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।

खान सर ने क्या कहा?
पूछताछ में खान सर ने बताया कि हमला ऐसे समय में किया गया कि उस वक्त सभी गार्डों की ड्यूटी खत्म हो गई थी। उन्होंने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर और वहां के कुछ कर्मियों पर हमला करवाने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कोचिंग की फी कम करने पर कुछ दिन पहले ही उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी। उन्होंने ये दावा किया कि इन्हीं लोगों ने हमला करवाया है। आगे कहा कि हमलावर कोचिंग परिसर में घुस आए, तोड़फोड़ की, पोस्टर फाड़े और सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट की। हमले में कोचिंग का एक सिक्योरिटी गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल गार्ड को इलाज के लिए PMCH में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के तुरंत बाद खान सर ने 8 से 10 राउंड फायरिंग होने का दावा किया था। हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि घटना के समय माहौल बेहद तनावपूर्ण था और स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी ओर से दर्ज कराई गई FIR में गोलीबारी का कोई जिक्र नहीं है। वहीं पटना पुलिस ने भी फायरिंग की किसी घटना से इनकार किया है।

छात्रों ने किया जमकर विरोध
इधर आज सुबह खान सर के कोचिंग सेंटर पर बड़ी संख्या में छात्र पहुंचकर जमकर विरोध जताया औऱ खान सर जिंदाबाद की नारे लगाए। इसके साथ ही छात्रों ने खान सर की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की। छात्रों का कहना है कि जब तक खान सर को पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी जाती, उनका विरोध जारी रहेगा। छात्रों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है।
पटना पुलिस और टाउन डीएसपी राजेश रंजन ने स्पष्ट किया है कि जांच में अब तक फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार घटना में मारपीट और तोड़फोड़ की बात सामने आई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि 10 से 12 लोग पैदल आकर कोचिंग परिसर में पहुंचे थे। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है और CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।