कैमूर/बिहार
कैमूर में शुक्रवार को पानी से भरे गड्ढे में ई-रिक्शा पलट गई। इस हादसे में चालक औऱ नौ महीने की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है। इस घटना में ससुराल से मायका आई मुमताज ने अपने 9 महीने की मासूम बच्ची को खो दिया। घटना जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के भिट्टी गांव की है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की।

मौके पर मची चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक, सोनहन थाना क्षेत्र के मिरिया खुर्द गांव निवासी पिंकू कुमार सिंह (चालक) भभुआ रोड रेलवे स्टेशन से सवारियों को लेकर भिट्टी गांव जा रहे थे। गांव के पास पहुंचते ही ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में पलट गया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद सभी लोग पानी में गिर गए। इस दौरान मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास में मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना में चालक पिंकू कुमार सिंह और नौ महीने की मासूम सना खातून गंभीर रुप से घायल हो गए। सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल मोहनिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चालक औऱ बच्चे को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल चार अन्य लोगों का इलाज जारी है।

ससुराल से मायका आई थी, स्टेशन से घर जाने के दौरान हुआ हादसा
पूछताछ में स्थानीय लोगों ने बताया कि ई-रिक्शा में मुमताज की बेटी, जो हाल ही में कोलकाता से अपने मायके भिट्टी आई थी, अपनी नौ महीने की बेटी सना खातून, बच्ची की नानी, मामा और अन्य परिजनों के बैठी हुई थी। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलते ही मोहनिया पुलिस अस्पताल पहुंची और ई-रिक्शा चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल मामले की जांच जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।