द फॉलोअप डेस्क:
SI Deepak Kumar Assault: जिले के बाल पर्यवेक्षण गृह (Bal Sudhar Grih) में शुक्रवार शाम उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब शकूराबाद थाना क्षेत्र (Shakurabad Police Station) से पकड़े गए विधि विरुद्ध बालकों को वहां छोड़ने पहुंचे पुलिस अधिकारी पर कथित तौर पर हमला कर दिया गया। बताया जा रहा है कि पर्यवेक्षण गृह में पहले से रह रहे करीब 30 से 35 बालकों ने एसआई दीपक कुमार के साथ मारपीट की। इस घटना में शकूराबाद थाने में पदस्थापित एसआई दीपक कुमार घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

30 से 35 बालकों पर मारपीट का आरोप
घायल एसआई दीपक कुमार के मुताबिक, वे नियमानुसार पकड़े गए बालकों को बाल पर्यवेक्षण गृह में रखने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद 30 से 35 लड़के इकट्ठा हो गए और कुर्सी-मेज के अलावा लात-मुक्कों से उन पर तथा उनके साथ आए लोगों पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद दो-तीन लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव किया, जिसके बाद एसआई वहां से बाहर निकल सके। उनके साथ लाए गए बालक को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना में दो लोगों के घायल होने की बात सामने आई है।

सीसीटीवी फुटेज से होगी घटना की जांच
इस घटना के बाद बाल पर्यवेक्षण गृह की सुरक्षा और प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। एसआई ने पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की बात कही है। पुलिस अधिकारियों ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बालकों को पर्यवेक्षण गृह में जमा करने गए एसआई के साथ मारपीट हुई है। फिलहाल उनका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रशासन और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।