द फॉलोअप डेस्क:
जमुई में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस का विशेष ‘पुलिस दीदी’ अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को महिला पुलिसकर्मियों की टीम ने जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों, कोचिंग सेंटरों और व्यस्त बाजारों में गश्त की। इस दौरान टीम ने छात्राओं और महिलाओं से सीधे संवाद कर उनकी सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को जाना। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों और पुलिस सहायता के प्रति जागरूक करना है।
.jpeg)
छात्राओं को मिली महिला पुलिसकर्मियों की मदद
महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को किसी भी तरह की परेशानी, छेड़खानी या खतरे की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी। साथ ही, आपातकालीन सहायता के लिए डायल 112 की जानकारी दी गई और बताया गया कि जरूरत पड़ने पर इस नंबर पर कॉल कर पुलिस की मदद ली जा सकती है। जमुई पुलिस की ओर से स्कूल-कॉलेज और छात्राओं के आने-जाने वाले रास्तों पर गश्त करने की पहल पहले भी शुरू की गई है।

छेड़खानी पर कानून सख्त
अभियान के दौरान पुलिस की नजर सार्वजनिक स्थानों पर छात्राओं और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार, छेड़खानी या पीछा करने जैसी गतिविधियों पर रही। पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बालिकाओं के साथ उत्पीड़न की शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। जमुई पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं से अपील की है कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर वे बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें। अभियान के जरिए पुलिस का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा और भरोसे की भावना मजबूत करना तथा सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाना है।