logo

जमुई के पुल के नीचे बसी अबाबील पक्षियों की बस्ती, घोंसले देख भावुक हुईं मंत्री श्रेयसी सिंह

जमुई के पुल के नीचे बसी अबाबील पक्षियों की बस्ती, घोंसले देख भावुक हुईं मंत्री श्रेयसी सिंह

द फॉलोअप डेस्क: 
Ababeel Birds in Bihar: बिहार (Bihar) के जमुई (Jamui) में किऊल नदी पर बना पुल (Kiul River Bridge) इन दिनों एक अनोखी वजह से चर्चा में है. पुल के ऊपर जहां दिन-रात वाहनों की आवाजाही और हॉर्न का शोर रहता है, वहीं नीचे अबाबील पक्षियों (Ababeel Birds) की एक बड़ी बस्ती आबाद है. इन पक्षियों ने पुल की छत और दीवारों पर मिट्टी और अपनी लार से कटोरीनुमा घोंसले तैयार किए हैं. जमुई-मलयपुर मुख्य मार्ग पर स्थित इस पुल के नीचे 150 से अधिक पक्षियों के घोंसले होने का अनुमान है. पक्षी विशेषज्ञ और बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी की गवर्निंग काउंसिल के सदस्य अरविंद मिश्रा के मुताबिक, पुल का निचला हिस्सा इन पक्षियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बन गया है. इसकी ऊंचाई और बनावट के कारण शिकारी जीवों का घोंसलों तक पहुंचना आसान नहीं है. यही वजह है कि आसपास इंसानी गतिविधियां और वाहनों का शोर होने के बावजूद पक्षी यहां बेखौफ अपना जीवन बिता रहे हैं. घोंसलों में पक्षियों की आवाजाही और उनकी चहचहाहट राहगीरों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.

वर्षों से यहां प्रजनन कर रहे अबाबील पक्षी

किऊल नदी पुल के नीचे पक्षियों का यह बसेरा कोई नया नहीं है. पत्नेश्वर धाम मंदिर के मुख्य पुजारी राजीव कुमार पांडेय के अनुसार, अबाबील पक्षी कई वर्षों से यहां आते हैं और घोंसले बनाकर प्रजनन करते हैं. पक्षियों के इस सामूहिक बसेरे की खासियत यह है कि ये अकेले रहने के बजाय बड़ी संख्या में एक ही स्थान पर घोंसले तैयार करते हैं. अरविंद मिश्रा बताते हैं कि बक्सर के भरौली पुल के नीचे भी स्ट्रीक-थ्रोटेड स्वालो यानी नहर अबाबील के ऐसे ही सैकड़ों घोंसले देखे गए हैं. उनके अनुसार, बिहार में अब तक उन्हें इस तरह का सामूहिक बसेरा केवल जमुई और बक्सर में ही देखने को मिला है. ये भारत के स्थानीय पक्षी हैं और देश में ही प्रजनन करते हैं. अनुकूल परिस्थितियां मिलने पर एक जगह इनकी संख्या करीब एक हजार तक पहुंच सकती है. स्थानीय लोगों की संवेदनशीलता भी इनके संरक्षण में अहम भूमिका निभा रही है. घोंसलों को नुकसान नहीं पहुंचाया जाता और पक्षियों के प्राकृतिक आवास में हस्तक्षेप से बचा जाता है.

पक्षियों का आशियाना देख रुकीं मंत्री श्रेयसी सिंह

किऊल नदी पुल के नीचे पक्षियों के इस अनोखे संसार ने बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह का भी ध्यान खींचा. छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचीं मंत्री ने जब पुल के नीचे सैकड़ों घोंसले देखे, तो कुछ देर रुककर इस प्राकृतिक नजारे को निहारा. उन्होंने इसे प्रकृति की खूबसूरत देन बताते हुए पक्षियों के घोंसले बनाने के तरीके की सराहना की. साथ ही इनके संरक्षण और सुरक्षा के लिए वन विभाग से बातचीत करने तथा जरूरी कदम उठाने का आश्वासन दिया. दरअसल, पुल के नीचे बने ये घोंसले सिर्फ आकर्षण का केंद्र नहीं, बल्कि पक्षियों के प्रजनन और जीवन के लिए महत्वपूर्ण आश्रय स्थल हैं. ऐसे में पुल की सफाई, मरम्मत या किसी निर्माण कार्य के दौरान इन्हें नुकसान से बचाना जरूरी है. अब देखना होगा कि वन विभाग की ओर से इनके संरक्षण के लिए क्या पहल की जाती है. पुल के ऊपर इंसानों की भागदौड़ जारी है, तो नीचे अबाबील पक्षियों की दुनिया आबाद है. यह नजारा बताता है कि थोड़ी संवेदनशीलता और संरक्षण के प्रयासों से इंसान और वन्यजीव एक ही जगह पर साथ रह सकते हैं.

Tags - Bihar News Bihar Latest News Swallow Birds Nest in Jamui Jamui Bird Nest Kiul River Bridge Birds