Patna Zoo:
पटना जू के चार नए बाघों का आज नामकरण किया गया है। 29 जुलाई को हर वर्ष अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर बिहार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री राम चंद्र प्रसाद ने संजय गांधी जैविक उद्यान के चार बाघों का नामकरण किया गया। इसके साथ ही पटना जू में बाघों की कुल संख्या बढ़कर 10 हो गई है।

रुद्र, पूर्णिमा, तेजस और सृष्टि
पटना जू में आए चार नए बाघों का नाम रुद्र, पूर्णिमा, तेजस और सृष्टि रखा गया है। लोकार्पण के बाद अब पर्यटक इन बाघों को करीब से देख सकेंगे। वन विभाग के अनुसार, नए बाघों के आने से संजय गांधी जैविक उद्यान का आकर्षण बढ़ेगा। साथ ही पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि होने की उम्मीद है। इस अवसर पर मंत्री राम चंद्र प्रसाद ने कहा कि बिहार सरकार वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता को बचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बाघ प्राकृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जो पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में उनकी अहम भूमिका है।

कब हुई थी शुरुआत
हर साल 29 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 2010 में रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में आयोजित टाइगर समिट के दौरान हुई थी। बाघों की घटती संख्या को देखते हुए उनके संरक्षण और प्राकृतिक आवास को बचाने के लिए वैश्विक स्तर पर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य के साथ यह फैसला लिया गया था। इस मौके पर लोगों से वन्यजीवों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की जाती है।