logo

पटना से पुणे जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट रद्द, एयरपोर्ट पर यात्रियों ने किया हंगामा

पटना से पुणे जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट रद्द, एयरपोर्ट पर यात्रियों ने किया हंगामा

द फॉलोअप डेस्क:

IndiGo Flight Cancelled: पटना एयरपोर्ट (Patna Airport) पर इंडिगो की फ्लाइट (IndiGo flight) रद्द होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पटना से पुणे जाने वाली फ्लाइट संख्या 6E126 को रात 2 बजकर 45 मिनट पर उड़ान भरनी थी। यात्री निर्धारित समय पर एयरपोर्ट पहुंच चुके थे और अपनी यात्रा का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच आखिरी समय में फ्लाइट कैंसिल होने की सूचना दी गई। अचानक लिए गए इस फैसले से यात्रियों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने एयरपोर्ट पर हंगामा शुरू कर दिया। कई यात्री जरूरी काम से पुणे जाने वाले थे, ऐसे में उनकी यात्रा योजना पूरी तरह प्रभावित हो गई।

खराब मौसम के कारण लखनऊ डायवर्ट हुआ विमान

पुणे से पटना आने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E653 को रात करीब 1 बजकर 40 मिनट पर पटना पहुंचना था। लेकिन खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण विमान पटना एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सका। इसके बाद विमान को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। यही विमान पटना से यात्रियों को लेकर पुणे वापस जाने वाला था। विमान के पटना नहीं पहुंचने के कारण उसकी वापसी की उड़ान भी प्रभावित हुई और अंततः पटना से पुणे जाने वाली फ्लाइट संख्या 6E126 रद्द कर दी गई।

कर्मचारियों पर सही जानकारी नहीं देने का आरोप

फ्लाइट रद्द होने के बाद यात्रियों ने इंडिगो के कर्मचारियों पर समय रहते सही जानकारी नहीं देने का आरोप लगाया। यात्रियों का कहना था कि उन्हें काफी देर तक इंतजार कराया गया और लगातार आश्वासन दिए जाते रहे, लेकिन आखिरी समय में फ्लाइट कैंसिल होने की सूचना दी गई। यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी समस्या सुनने के लिए एयरलाइंस का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। अचानक फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों के जरूरी काम और आगे की यात्रा प्रभावित हुई। अब यात्रियों को वैकल्पिक उड़ान, रीबुकिंग या दूसरी व्यवस्था को लेकर एयरलाइंस की ओर से स्पष्ट जानकारी मिलने का इंतजार है।
 

Tags - Bihar NewsBihar Latest NewsIndiGo flight cancelledPatna Airport newsPatna to Pune flight cancelled