द फॉलोअप डेस्क
बिहार के राजगीर थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां किला मैदान के पास गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। बताया जा रहा है हादसा स्कॉर्पियो की वजह से हुआ। स्कॉर्पियो ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा पलट गया और दंपति सड़क पर गिर गए। पुलिस कर रही स्कॉर्पियो की तलाश
इस घटना में मृतक की पहचान सिलाव थाना क्षेत्र के कड़ाह गांव के रहने वाले सुरेंद्र ठाकुर के रूप में की गई है। जबकि घायल महिला सुरेंद्र ठाकुर की पत्नी राजमणि देवी हैं, जिनका इलाज चल रहा है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुट गई। फिलहाल, पुलिस स्कॉर्पियो की तलाश कर रही है, जिसने ई-रिक्शा को टक्कर मारी। इसके साथ ही स्थानीय जन प्रतिनिधि प्रशासन से परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
ब्रह्मकुंड में स्नान करने जा रहे थे दंपत्ति
घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने बताया कि गुरुवार शाम दंपत्ति ब्रह्मकुंड में स्नान करने के लिए ई-रिक्शा से निकले थे। इसी बीच जब रिक्शा किला मैदान के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा पलट गया। साथ ही उसमें सवार दंपत्ति सड़क पर गिर गए।वहीं, दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की। तुरंत दोनों घायलों को राजगीर अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन यहां डॉक्टरों ने सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, उनकी पत्नी राजमणि देवी की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उनका इलाज जारी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना को लेकर थानाध्यक्ष रमण कुमार ने जानकारी दी कि सुरेंद्र के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल, पुलिस वाहन की पहचान कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही ई-रिक्शा को ठोकर मारने वाले स्कॉर्पियो को पकड़ा जाएगा।